डाक्टर की यातना से डरकर वॉशिंग मशीन में छिपी नौकरानी
लखनऊ (ब्यूरो)। महानगर में एक डॉक्टर के घर घरेलू काम करने के लिए बहराइच से आई युवती को मामूली बातों को लेकर यातनाएं दिए जाने का मामला सामने आया है। पीडि़त युवती का आरोप है कि डॉक्टर, उनकी पत्नी, नौकर व एक परिचित उसे बंधक बनाकर न सिर्फ बुरी तरह पीटते थे, बल्कि उसे गरम तेल व सिगरेट से जलाया भी गया। चाकू से घाव कर उसमें मिर्च डाली गई। मारपीट के दौरान उससे अश्लीलता करने के अलावा उसके बाल भी काटे गए।
मामला संज्ञान में आने पर महानगर पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर, उनकी पत्नी व नौकर को गिरफ्तार कर लिया है। मेट्रो सिटी, निशातगंज निवासी डॉ. आशुतोष सिंह के घर 23 अप्रैल से नूरपुर बहराइच निवासी राजेश कुमार की बेटी ललिता (22) घरेलू काम कर रही थी। सीओ महानगर राजेश श्रीवास्तव के मुताबिक ललिता का कहना है कि शुरुआत के 15 दिनों तक सब ठीक चला।

इसके बाद मामूली बातों को लेकर डॉक्टर आशुतोष की पत्नी प्रगति ने उन्हें प्रताडि़त करना शुरू कर दिया। विरोध पर उसे बंधक बनाकर पीटा जाने लगा। सोमवार रात ललिता किसी तरह दुपट्टे के सहारे फ्लैट से बाहर निकलकर पांचवे तल पर कूद गई। बताया गया कि युवती पांचवे तल पर रहने वाले एक पूर्व न्यायिक अधिकारी के फ्लैट में कूदी थी, जहां वह बालकनी में रखी वाशिंग मशीन में छिप गई थी। इस बीच दंपती ने गार्डो से कहा कि उनकी नौकरानी चोरी करके भागी है, जिसे बाहर न जाने दिया जाए। हंगामा बढऩे पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। तब यह सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया।
सीओ के मुताबिक युवती के आरोपों की गंभीरता को देखते हुए उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। जिसमें उसके शरीर पर चोट के कई निशान व बर्न इंजरी पाई गई। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर डॉ.आशुतोष, प्रगति व डेविड को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दंपती मूल रूप से वाराणसी के निवासी हैं।












Click it and Unblock the Notifications