आम आदमी पार्टी के नेता को बीच सड़क पर जान से मारने की कोशिश
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक हैं ऐसे में राजनीतिक पारा चरम पर है। आम आदमी पार्टी के संस्थापक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि उनके एक नेता संतोष कोली को जान से मारने की कोशिश की गई। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन कर रही है। हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस इसे हादसा मान रही है लेकिन आम आदमी पार्टी की तरफ से इसे राजनीतिक साजिश बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की रात संतोष कोली पार्टी के एक अन्य कार्यकर्ता के साथ मोटरसाइकिल से दिल्ली जा रहे थे तभी गाजियाबाद के कौशांबी मेट्रो स्टेशन के पास उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद कार चालक तेजी से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल में आग लग गयी और संतोष कोहली घायल हो गये।

आनन-फानन में उन्हें पास के ही यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया है कि ये हादसा नहीं बल्कि जानलेवा हमला है। मालूम हो कि संतोष कोली आम आदमी पार्टी की कोर कमेटी की सदस्य हैं। वह आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से प्रत्याशी भी हैं। पुलिस ने इस संबंध में लिंक रोड थाना में मामला दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications