सड़क पर उतरे तेलंगाना समर्थक, कई गिरफ्तार
हैदराबाद। आंध्र प्रदेश में पृथक तेलंगाना राज्य की मांग को लेकर सैकड़ों नेता व कार्यकर्ता शुक्रवार को हैदराबाद में सड़कों पर उतर आए। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद विरोध प्रदर्शन और भड़क उठा। कुछ स्थानों पर हिंसा की छिटपुट घटनाएं भी हुईं, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने आंध्र प्रदेश विधानसभा तक तेलंगाना संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) की ओर से आहूत रैली को विफल करने की कोशिश के तहत कई मार्गो को बंद कर दिया।
कई स्थानों पर जेएसी के शीर्ष नेताओं एवं विधायकों को निषेधाज्ञा के उल्लंघन के लिए गिरफ्तार कर लिया गया। जेएसी के अध्यक्ष एम कोदंदरम, श्रीनिवास गौड़ तथा अन्य को विधानसभा की ओर मार्च करने के दौरान इंदिरा पार्क से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उन्हें उठाकर वाहनों में डाल दिया। इंदिरा पार्क में लोगों के भारी जमावड़े को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे। यहां प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव भी किया, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।

पुलिस जब टीआरएस पोलित ब्यूरो के सदस्य श्रवण को जबरन ले जा रही थी तो वह अचेत हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उस्मानिया विश्वविद्यालय में भी हिंसक वारदातें हुईं। जिन छात्रों को पुलिस ने रैली निकालने से रोका, उन्होंने पथराव किया। पुलिस ने उग्र छात्रों को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। झड़प में चार छात्र घायल हो गए।
पुलिस ने इंदिरा पार्क के पास भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठी चार्ज भी किया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता विद्यासागर राव मामूली रूप से जख्मी हो गए। टीआरएस, भाजपा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) तथा तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के विधायकों ने तेलंगाना समर्थक कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का विरोध किया। इन विधायकों को भी हिरासत में लिया गया।
इस बीच, टीआरएस के दो विधायक विधानसभा भवन की छत पर चढ़ गए और उन्होंने वहां काला झंडा लहराया। बाद में पुलिस उन्हें नीचे लेकर आई और गिरफ्तार किया। पार्टी के कुछ अन्य विधायकों ने विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी की छद्म अंत्येष्टि भी की। तेलंगाना मुद्दे पर हंगामे के कारण आंध्र प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही शुक्रवार को लगातार चौथे दिन नहीं चल पाई।












Click it and Unblock the Notifications