कोयला घोटाले मामले में 2 और मंत्रियों से पूछताछ, खुल सकते है अहम राज

सीबीआई ने पूर्व मंत्री दसारी नारायण राव और संतोष बागरोड़िया से पूछताछ की है। साल 2006 से 2009 के बीच ये दोनों कोयला राज्य मंत्री रहे, उस दौरान प्रधानमंत्री के पास ही कोयला मंत्रालय था। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सीबीआई की पूछताछ में इन दोनों पूर्व मंत्रियों ने पीएमओ और एक बड़े राजनेता पर उंगलियां उठाई हैं।यूपीए-1 के दौरान ये दोनों दोनों पूर्व मंत्री कांग्रेस पार्टी से संबंध रखते हैं। बागरोड़िया जहां राजस्थान के रहने वाले हैं वहीं दसारी नारायण राव आंध्रप्रदेश के रहने वाले हैं। सीबीआई ने इन दोनों से काफी लम्बी पूछताछ की।
ग़ौरतलब है कि सीएजी की रिपोर्ट के मुताबिक कोयला आवंटन मामले में अनियमितताओं के कारण सरकारी ख़ज़ाने को 1.86 लाख करोड़ का नुक़सान हुआ है। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है और इस केस में सीबीआई की जांच रिपोर्ट देखने के मामले में कानून मंत्री अश्वनी कुमार की कुर्सी जा चुकी है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सीबीआई को कड़ा फटकार लगाई है। सुप्रीम कोर्ट ने रिपोर्ट में कानून मंत्री के कहने पर फेरबदल करने पर सीबीआई को फटकार लगाई है। कोर्ट ने सीबीआई को पिंजरे में बंद तोता कहा है और सरकार को सीबीआई को आजाद करने का आदेश दिया है। वहीं विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरने का मन बनाए हुए है। इस पूरे मुद्दे पर बीजेपी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के इस्तीफ़े की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications