यूपी की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर राज्यपाल करें हस्तक्षेप: बीजेपी

अलीगढ़ में 5 साल की बच्ची के साथ हुए रेप के मामले का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि अलीगढ़ में पहले तो बच्ची का अपहरण किया जाता है और फिर उसके बाद उसके साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी जाती है। इस घटना को लेकर जब परिजनों ने शिकायत के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया तो वहां भी पुलिस ने उनके साथ अपराधियों जैसा सलूक किया। सिंह ने कहा कि जिस तरह से घटना का विरोध कर रहे बच्ची के परिजनों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया वह न केवल निंदनीय है बल्कि ब्रिटिश हुकूमत की याद दिलाने वाला है।
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता ने मांग की कि इस घटना में जिन पुलिसकर्मियों ने बच्ची के परिजनों पर लाठीचार्ज किया उन्हें चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस संवदेनहीनता की पराकाष्ठा को पार कर चुकी है, जो काफी दुखद स्थिति है। सिंह ने कहा कि यह घटना तो सूबे की बदहाल होती कानून व्यवस्था का एक उदाहरण मात्र है। आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जिनसे कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लग रहा है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार देर रात अलीगढ़ में एक पांच वर्षीया बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की बात सामने आने पर उसके परिजन मामला दर्ज कराने पुलिस के पास पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उल्टे उन पर लाठीचार्ज कर उन्हें वहां से भगा दिया। बाद में मामले के तूल पकड़ने पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications