बेहतरीन प्रदर्शन के लिए 'संसद रत्न' से सम्मानित किए जाएंगे 10 सांसद

गैर सरकारी संगठन, प्राइम पॉइंट फाउंडेशन के संस्थापक के. श्रीनिवासन ने कहा कि पिछले तीन वर्षो से हम लोकसभा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले सदस्यों को सम्मानित कर रहे हैं। संसद सदस्यों के प्रदर्शन का मूल्यांकन उनके द्वारा पूछे गए प्रश्नों की संख्या, चर्चाओं में उनकी भागीदारी और सदस्यों द्वारा पेश किए गए व्यक्तिगत विधेयकों की संख्या के आधार पर किया जाता है। श्रीनिवासन ने कहा, इस वर्ष हमने मूल्यांकन की दो और श्रेणियां बनाईं, वे हैं-सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली महिला सांसद एवं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 35 वर्ष से कम आयु वाले सांसद। अब तक संगठन द्वारा सिर्फ एक ही, समग्र श्रेणी में 'संसद रत्न' सम्मान प्रदान किया गया है।
श्रीनिवासन ने बताया कि इस वर्ष समग्र श्रेणी के अंतर्गत सम्मानित होने वाले पांच सांसद हैं-
महाराष्ट्र से शिवसेना के सांसद आनंद राव अड़सुल
तमिलनाडु से कांग्रेस सांसद एस. एस. रामासुब्बू
राजस्थान से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अर्जुन राम मेघवाल
महाराष्ट्र से शिवसेना के गजानन धर्मशी बाबर
महाराष्ट्र से भाजपा के हंसराज गंगाराम अहिर
श्रीनिवासन ने बताया कि मेघवाल और अहिर दोनों में से प्रत्येक ने 51 व्यक्तिगत विधेयक पेश किए। इस वर्ष वर्तमान लोकसभा में कुल 372 व्यक्तिगत विधेयक पेश किए गए। उन्होंने आगे बताया कि रोचक बात यह है कि अड़सुल, रामासुब्बु और अहिर लगातार चौथी बार 'संसद रत्न' के लिए चुने गए हैं। लोकसभा में कुल 55 महिला सांसदों में से 'संसद महिला रत्न' के लिए चुनी गईं चार महिला सांसद हैं-
बिहार से भाजपा की रामा देवी
आंध्र प्रदेश से कांग्रेस सांसद झांसी बोचा लक्ष्मी
महाराष्ट्र से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सुप्रिया सुले
उत्तर प्रदेश से कांग्रेस की रत्ना सिंह
इस वर्ष नई श्रेणी के अंतर्गत 'संसद युवा रत्न' के लिए उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी के धर्मेद्र यादव (789) को चुना गया है। श्रीनिवासन ने बताया, "अड़सुल, रामासुब्बू, मेघवाल, अहिर, रामा देवी तथा लक्ष्मी ने 20 अप्रैल को होने वाले सम्मान समारोह में उपस्थित रहने की स्वीकृति दे दी है, जबकि अन्य सांसदों ने अपनी असमर्थता जताई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications