अब चश्मे के लिए लकड़ी के फ्रेम
टोक्यो। जापान के योशिहिसा याबूची द्वारा बनाया जाने वाला प्रिस्क्रिप्शन चश्मे का फ्रेम कलाकृति का बेहतरीन नमूना है। यह लकड़ी का होता है और इसे हाथ से बनाया जाता है। यदि आपको यह चाहिए तो ऑर्डर दीजिए और दो सालों तक इंतजार कीजिए और हां एक फ्रेम के लिए आपको 1,200 यूरो (1,540 डॉलर) कीमत चुकानी पड़ेगी।याबूची उत्तरी शहर फुकुशिमा के अपने पुश्तैनी चश्मे की दुकान में काम करते हैं। ऑर्डर पर विशेष फ्रेम बनाने का उनका यह कारोबार 137 वर्ष पुराना है।
समाचार एजेंसी ईएफई के मुताबिक याबूची ने कहा, "मेरे पास 32 ऑर्डर हैं, लेकिन अब तक मैं सिर्फ 18 की आपूर्ति कर पाया हूं। इसलिए दो साल इंतजार करना पड़ता है।" उन्हें एक फ्रेम बनाने में एक महीने से अधिक समय लगता है। लकड़ी का फ्रेम आजकल एक नया चलन है। कैपिटल, श्वूड, गोल्ड एंड वूड पेरिस, हरलिट और डब्ल्यू-आई जैसे बड़े ब्रांड भी लकड़ी के फ्रेम बना रहे हैं।

दुनिया भर में लुइस विटन जैसे महंगी श्रेणी के फ्रेम बनाने वाली कम्पनियां और छोटे-मोटे डिजाइनर भी लकड़ी के फ्रेम बना रहे हैं। लेकिन याबूची के फ्रेम की खासियत यह है कि यह सिर्फ लकड़ी का बना होता है और इसमें गोंद या किसी भी धातु के पुर्जे का इस्तेमाल नहीं होता है। याबूची का फुकुशिमा शहर से बेहद लगाव है। मार्च 2011 में भूकम्प और सूनामी ने इस शहर को तबाह कर दिया था। इसके कारण परमाणु संकट भी पैदा हुआ था।
डिजाइनर ने कहा कि तब वे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दूसरे शहर चले गए थे। उनका परिवार तो वापस नहीं लौटा है, लेकिन याबूची लौट गए हैं। वे अपने पुश्तैनी कारोबार को फिर से बढ़ाना चाहते हैं और शहर की कारोबारी गतिविधि में भी योगदान करना चाहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications