मिशन 2014: राजनाथ की टीम का ऐलान, मोदी को अहम जिम्मेदारी
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद राजनाथ सिंह ने आज अपनी टीम का ऐलान कर दिया। ये टीम मिशन 2014 (2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव) के लिये तैयार की गई है। हालांकि इस बात की आशंका जाहिर की जा रही थी कि राजनाथ सिंह की टीम में नरेन्द्र मोदी को अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है और ऐसा ही हुआ। नरेंद्र मोदी को संसदीय बोर्ड में शामिल कर लिया गया। मालूम हो कि मोदी अकेले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्हें संसदीय बोर्ड में शामिल किया गया है।
वरुण गांधी को पार्टी का महासचिव बनाया गया है। इसके अलावा वरुण गांधी, अमित शाह, राजीव प्रताप रूडी, अनंत कुमार, रामलाल, जेपी नड्डा और धर्मेंद्र प्रधान को महासचिव बनाया गया है। इस ऐलान से पहले उमा भारती पर सबकी नजर थी और कहा जा रहा था कि उनके कद को भी बढ़ाया जा सकता है। इसी क्रम में उमा भारती और स्मृति ईरानी को उपाध्यक्ष बनाया गया है।

सुधांशु त्रिवेदी और मीनाक्षी लेखी लेखी को पार्टी प्रवक्ता बनाया गया है। सरोज पांडे को महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। अनुराग ठाकुर युवा मोर्चा के अध्यक्ष बने रहेंगे। मोदी को संसदीय बोर्ड का सदस्य बनाने की अटकलें उनके लगातार तीसरी बार गुजरात चुनाव जीतने के बाद से ही चल रही थीं। संसदीय बोर्ड बीजेपी की सर्वोच्च समिति होती है और इसके सभी सदस्य चुनाव प्रबंधन समिति के भी सदस्य होते हैं।
चुनाव उम्मीदवारों से जुड़े फैसले हों या किसी नए नेता की पार्टी में एंट्री, सभी फ़ैसले बोर्ड द्वारा तय किए जाते हैं। ऐसे में संसदीय बोर्ड में मोदी की एंट्री को राष्ट्रीय स्तर की राजनीति की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। शनिवार को बीजेपी की बैठक के बाद कोई नतीजा नहीं निकल पाया और कुछ नामों पर विवाद की वजह से यह फैसला रविवार तक के लिए टाल दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications