रामपुर में हर रोज होती है 150 कुत्तों की मीटिंग!
लखनऊ (नवीन निगम)। क्या आपको मालूम है, रामपुर में एक जगह ऐसी है, जहां हर सुबह 150 कुत्ते मिलते हैं और मीटिंग करते हैं। चौंक जरूर गये होंगे। लेकिन अगर उत्तर प्रदेश सरकार की मानें तो यह सच है, क्योंकि इस बात की पुष्टि किसी आम आदमी ने नहीं बल्कि राज्य के संसदीय कार्य मंत्री आजम खां ने की है।
असल में विधानसभा में आजम खां ने यह कह कर सभी को चौंका दिया कि रामपुर के ग्राम नगलिया में करीब 150 कुत्ते एक स्थान पर एकत्र होते हैं और बकायदा मीटिंग कर आसपास के इलाके में फैल जाते हैं तथा लोगों को अपना निशाना बनाते हैं।
दरअसल प्रश्नकाल के दौरान बात बाल यौन शोषण व दुराचार को लेकर चल रही थी। इसी दौरान बसपा सदस्य नीरज मौर्य ने इन अपराधों व अन्य प्रकरणों में पीड़ित को आर्थिक मदद दिए जाने के सम्बन्ध में आजाम खां से सवाल किया। आजम खां ने मामले को कुत्तों की ओर घुमा दिया। इस पर संसदीय कार्य मंत्री ने एक घटना का जिक्र करते कहा कि नगलिया गांव में एक स्थान पर करीब 150 कुत्तों की मीटिंग होती है। पिछले दिनों स्कूल जा रही नौ साल की एक बालिका को कुत्तों ने झपट लिया और उसे इतना नोंचा कि उसकी मौत हो गयी।
उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद अपनी ओर से उपलब्ध करायी। वहीं उन्होंने कहा कि लावारिस कुत्ते आये दिन लोगों के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अब यदि कुत्तों को पकड़ते हैं तो मेनका गांधी नाराज हो जायेंगी, लेकिन सरकार इस दिशा में काम कर रही है।













Click it and Unblock the Notifications