बुझने वाले हैं इसलिए फड़फड़ा रहे हैं पीएम: राजनाथ सिंह
नई दिल्ली। बुधवार को संसद में पीएम मनमोहन सिंह अचानक से उग्र दिखें जिसपर भाजपा ने तीखा कटाक्ष किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि लगता है पीएम मनमोहन सिंह को यकीन हो गया है कि अब यूपीए का किला ढहने वाला है इसलिए ही वो उग्र रूप अपना रहे हैं। उनकी हालत बुझने वाले दिये की तरह है जो बुझने से पहले बहुत फड़फड़ाता है।
मालूम हो कि लगातार यूपीए को लेकर विपक्ष के सख्त तेवरों से आजिज आकर प्रमधानमंत्री मनमोहन सिंह ने बुधवार को अचानक से सख्त रवैया दिखाया। पीएम ने अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान भाजपा के वारों को अपनी शेरों-शायरी से चुप कराने की कोशिश की। मनमोहन सिंह ने कहा कि ‘हमको उनसे वफा की है उम्मीद, जो नहीं जानते वफा क्या है'।
जिस पर नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने कहा कि पीएम का जवाब नहीं दिया तो हम पर उधारी रह जायेगी इसलिए मैं एक नहीं दो शेर पढ़ती हूं। सुषमा की इस बात पर लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार ने कहा इस तरह से तो अब पीएम साहब पर उधारी रह जायेंगी।सुषमा ने पहला शेर पढ़ा कि 'कुछ तो मजबूरियां रही होगी, यूं ही कोई बेवफा नहीं होता।' और उनका दूसरा शेर था कि 'तुम्हें वफा याद नहीं, हमें जफा याद नहीं. जिन्दगी और मौत दो ही तो तराने हैं, एक तुम्हें याद नहीं एक हमें याद नहीं।'













Click it and Unblock the Notifications