मोदी से दोस्ती करने पर मुकेश अंबानी को आईएम ने दी जान से मारने की धमकी
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिद्दीन ने देश के सर्वश्रेष्ठ उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को चिट्ठी भेजकर जान से मारने की धमकी दी है। इंडियन मुजाहिद्दीन ने चिट्ठी में लिखा है कि अगर उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी का समर्थन किया तो उनको इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है। इसके अलावा चिट्ठी में यह भी लिखा गया है कि अगर उन्होंने गुजरात में निवेश करना बंद नहीं किया तो इसकी कीमत उन्हें अपने और अपने परिवार की जान देकर चुकानी पड़ेगी। यह खबर जैसे ही पुलिस खेमे में पहुंची हड़कंप मच गया। पुलिस के आला अधिकारियों ने फौरन मामले की जांच के आदेश दे दिये हैं। हालांकि पुलिस यह भी मान कर चल रही है कि किसी शाररती तत्व ने परेशान करने के लिये ऐसी हरकत की हो।
पुलिस के आला अधिकारी ने बताया कि यह यह चिट्ठी सादे कागज पर अंग्रेजी में लिखी गई है। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि अंबानी से उस दिन की सीसीटीवी फुटेज की मांग की जाएगी और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चौकाने वाली बात यह है कि राजनेताओं और प्रमुख स्थानों के बाद आतंकी संगठन इंडियन मुजाहिद्दीन ने अब उद्योग जगत को निशाना बनाया है।

सूत्रों ने बताया कि पिछले दिनों उद्योगपति मुकेश अंबानी को एक खत मिला है जिसमें उन्हें गुजरात में अधिक निवेश करने से रोका गया है। बताया जाता है कि रविवार को अंबानी के नरीमन प्वाइंट स्थित मेकर चेंबर्स के ऑफिस में बंद लिफाफे में एक खत पहुंचा। हालांकि अब तक यह पता नहीं लग पाया है कि आखिर कैसे एक अंजान व्यक्ति ने यह खत वहां पहुंचाया है। हालांकि रिलायंस के अधिकारियों ने धमकी भरे खत मिलने की पुष्टि की है।
रिलायंस के उपाध्यक्ष एसपी नंदा ने बताया कि खत में मुकेश अंबानी को धमकियां दी गई हैं और लिखा गया है कि उन्होंने गुजरात में मोदी का साथ देकर वहां के अल्पसंख्यक संप्रदाय के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। इसलिए उन्हें इसकी सजा मिलेगी। मुंबई क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज को बार बार देखा जा रहा है ताकि खत डिलिवर करने वाले का चेहरा सामने आ सके। वहीं प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि खत के उपर दनिश लिखा हुआ है। अब सवाल यह उठता है कि यह कहीं बिहार का रहने वाला वही दनिश अंसारी तो नहीं है जिसे साल जनवरी में कुछ आतंकियों को पनाह देने के मामले में गिरफ्तार किया गया था?












Click it and Unblock the Notifications