भाजपा की शीर्ष समिति में शामिल होंगे नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली। जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव करीब आ रहे हैं, वैसे-वैसे भारतीय जनता पार्टी में नरेंद्र मोदी का कद ऊपर उठता जा रहा है। जी हां अब भाजपा ने मोदी और उनके साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को संसदीय बोर्ड की समिति में शामिल करने का निर्णय लिया है। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
इससे यह साफ होता जा रहा है कि भाजपा भी अब मोदी को पीएम कैंडिडेट के रूप में देखना चाहती है। लिहाजा बड़े रोल के लिये मोदी का कद पार्टी में ऊंचा किया जा रहा है। वहीं कलराज मिश्र ने भी माना है कि फिलहाल मोदी ही पीएम पद के दावेदार हैं। हालांकि अभी तक इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। आरएसएस के साथ बैठक में मोदी का नाम सबसे ऊपर आया था। भाजपा नेता यशवंत सिन्हा ने खुलकर मोदी के नाम की वकालत की। अगर हालिया गतिविधियों पर ध्यान दें तो राजनाथ सिंह के घर पर मोदी का पहुंचना और दोनों की दो घंटे तक चली बैठक भी कई प्रकार के सकारात्मक संकेत दे रही है।

वैसे देखा जाये तो नरेंद्र मोदी के अलावा अगर कोई नाम पीएम पद के लिये है तो वो सिर्फ सुषमा स्वराज का है। अरुण जेटली के नाम की शुरू में चर्चा हुई थी, लेकिन बाद में चर्चा धुंधली पड़ गई। सुषमा स्वराज के नाम पर सबसे ज्यादा जोर एनडीए के घटक दल शिवसेना की ओर से दिया जा रहा है। शिवसेना ने अपनी यह इच्छा सिर्फ इसलिये प्रकट की है, क्योंकि पूर्व अध्यक्ष बाला साहब ठाकरे ने अपने जीवन के अंतिम दिनों में लिखे अग्र लेख में सुषमा स्वराज का नाम पीएम पद के लिये लिया था।












Click it and Unblock the Notifications