बाल ठाकरे जयंती पर महिलाओं को मिलेंगे चाकू
मुंबई। जीवन भर पाकिस्तान और गैर मराठियों की मुंबई में एंट्री के खिलाफ बोलने वाले बाल ठाकरे के जन्म दिवस को शिवसेना अलग ढंग से मनायेगा। इस बार बाला साहब के जन्मदिवस पर महिला सशक्तिकरण की बात होगी। यह सशक्तिकरण कोई ज्ञान देकर नहीं बल्कि चाकू देकर किया जायेगा।
23 जनवरी को बाला साहब के 88वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में शिवसेना एक कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहा है, जिसमें महिलाओं को तोहफे में चाकू भेंट किये जायेंगे। यह फोल्ड होने वाले चाकू होंगे, जो महिलाएं व लड़कियां अपने पर्स में संभाल कर कर सकेंगी, और यदि कोई उन पर हमला करे या इज्जत लूटने की कोशिश करे तो वो उसका इस्तेमाल अपनी सुरक्षा के लिये कर सकें। शिवसेना बाकायदा यह चाकू छोटे से पर्स में रखकर भेंट करेगी।

शिवसेना की मुंबई इकाई के एक नेता के मुताबिक चाकुओं का वितरण दक्षिण मुंबई में होने वाले कार्यक्रम में किया जायेगा। शिवसेना का मानना है कि सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में नाकामयाब रही है, लिहाजा अब शिवसेना अपने तरीके से महिलाओं की सुरक्षा पर काम करेगी।
हम आपको बता दें कि पिछले साल बाला साहब का निधन हो गया था, जिसके बाद शिवसैनिकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई थी। उनके निधन के बाद उनका पहला जन्म दिवस है, जिस पर सभी उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिये जरूर उमड़ेंगे।












Click it and Unblock the Notifications