बरेली में फिर साम्प्रदायिक हिंसा, कई जगह तनाव

देवरिया इलाके के गुलडिय़ा गांव में कल रात धार्मिक कथा तथा प्रवचन चल रहा था। रात भर सबकुछ सामान्य रहा लेकिन मंगलवार की सुबह कथास्थल पर आगजनी हो गयी। आगजनी की घटना के बाद गुस्साये लोगों ने बरेली-नैनीताल मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे।
मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने बताया कि इस सिलसिले में आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बरेली-नैनीताल मार्ग जाम करने वालों की भी पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में कुछ शरारती तत्व सक्रिय हैं। उन पर नजर रखी जा रही है। कानून व्यवस्था के साथ किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जायेगा।
गौरतलब है कि पिछली अगस्त में भी साम्प्रदायिक हिंसा के कारण बरेली में करीब डेढ़ महीने तक कफ्र्यू लगा रहा था। इस बीच बरेली में मोहर्रम जुलूस के रास्ते को लेकर दो स्थानों पर हुये विवाद में पूर्व राज्य मंत्री तथा बहुजन समाज पार्टी विधायक समेत पचास लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि पिछले रविवार को शेरगढ इलाके में दो जगहों पर जुलूस के रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। तय रास्ते के अलावा जुलूस को दूसरे रास्ते से ले जाने पर विवाद हो गया। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया तथा विवाद खत्म कराया। सूत्रों ने कहा कि बसपा विधायक शहजिल इस्लाम समेत पचास लोगों के खिलाफ शेरगढ़ थाने में धार्मिक उन्माद, विद्वेष और दंगा फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications