फेसबुक मामले में एसपी निलंबित, मजिस्ट्रेट का तबादला
मुंबई। शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के निधन और मुंबई बंद को लेकर फेसबुक पर टिप्पणी करने वाली दो लड़कियों को गिरफ्तार करने के मामले में एक नया मोड़ आया है।
सरकार ने इस मामले की गंभीरता से लेते हुए लापरवाही बरतने के आरोप में ठाणे के पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक को निलंबित कर दिया है। यही नहीं बाम्बे हाईकोर्ट ने भी मामले को ठीक से ना देखने के कारण फर्स्ट क्लास मजिस्ट्रेट का तबादला कर दिया है।
गौरतलब है कि शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के अंतिम संस्कार के दिन 18 नवंबर को 21 वर्षीय शाहीन डाढा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया था कि 'भारत में हर रोज सैंकड़ों लोग जन्म लेते हैं और मृत्यु को प्राप्त होते हैं। ऐसे में इस प्रकार का बन्द कितना सही है।' इस कमेंट को उसकी सहेली रेणु ने लाइक किया था। जिसके बाद दोनों को ही पुलिस ने धारा 295(ए) और आईटी एक्ट 2000 की धारा के तहत गिरफ्तार कर लिया था।
शिवसैनिकों ने शाहीन के चाचा की दुकान में तोड़-फोड़ भी की थी, इस मामले ने काफी तूल पकड़ा था।
मीडिया में आने के बाद यह मामला और गर्मा गया था। शिवसैनिकों के डर से शाहीन और उसकी सहेली ने अपना अकाउंट ही डिलीट कर दिया था। पूरे देश में 'अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता' के मुद्दे पर बहस छिड़ गयी थी जिसके बाद सरकार हरकत में आयी और मंगलवार को उसने एसपी निलंबित कर दिया।













Click it and Unblock the Notifications