अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में नेपाली लड़कियों की डिमांड

पुलिस की चौकसी हो या फिर खुफियां एजेंसियों की नजर उत्तर प्रदेश में मानव तस्करी थम नहीं रही है। आए दिन लड़कियां व बच्चे चोरी छिपे अवैध तरीके से विदेशों में भेजे जा रहे हैं। मानव तस्करी में लगे एक व्यक्ति अरफी को पुलिस ने शनिवार की रात गिरफ्तार किया। छापेमारी में उसके घर से दो नेपाली लड़कियां बरामद हुईं। अरफी ने बताया कि वह उन्हें नेपाल से पंचास हजार रुपए में खरीदकर लाया था। उसका कहना था कि दोनों ही लड़कियों को वैश्यावृत्ति के लिए विदेश भेजे जाने की योजना थी।
जौनपुर जिले के शाहगंज क्षेत्र के सबरहद गांव में एक व्यक्ति के मकान पर छापा मारकर पुलिस ने बंधक बनाकर रखी गयी दो नेपाली लडकियों को बरामद किया। पुलिस के अनुसार अरफी नाम का गिरफ्तार किया गया व्यक्ति नेपाल व तराई क्षेत्रों से खाड़ी देशों में नौकरी के नाम पर लड़कियां लाता था। अरफी ने बताया कि वह लड़कियों को चुरा व अगवा कर नहीं बल्कि उनके गरीब माता पिता को पैसे देकर खरीदकर लाता था। इस मामले में भी अरफी जिन दो लड़कियों को नेपाल से लाया था उनके बदले माता पिता को पेशगी के नाम पर 50 व 60 हजार रुपए दिए थे।
उसने बताया कि नेपाल की लड़कियों की अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में बहुत मांग हैं जहां उन्हें वैश्यावृत्ति पर लगाया जाता है। उसने बताया कि वह लड़कियों को जौनपुर लाने के बाद उन्हें मुम्बई भेजने वाला था। इसके बाद उन्हें रंग रूप के आधार पर पांच से दस लाख रूपए में बेचा जाता। लड़कियों का पासपोर्ट बनवा कर उन्हें विदेश भेज दिया जाता है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि अरफी नाम का व्यक्ति लम्बे समय से इस धंधे में लगा है और पुलिस उसकी तलाश में थी। पुलिस को खबर मिली कि वह शाहगंज आया हुआ है उसके बाद पुलिस कल देर रात अरफी के घर पर छापा मारा तो वहां दो नेपाली बालायें मिली जिन्हें दो महीने से कैद कर रखा गया था। पुलिस ने अरफी को तो गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका एक साथी नागेश फरार होने में सफल हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications