ठाकरे के निधन पर कहीं आंसू कहीं चिंगारी
बैंगलोर। आज महाराष्ट्र के सबसे बड़े नेता बाला साहब ठाकरे की शव यात्रा निकाली जा रही है। शिवाजी पार्क में आज शाम पांच बजे उन्हें मुखाग्नि दी जायेगी लेकिन बढ़ती भीड़ और लोगों के जनसमुदाय को देखकर लगता नहीं कि यह काम शाम पांच बजे तक भी हो पायेगा। लोग अपने नेता की एक झलक देखने के लिए इस कदर बेताब है कि वो उस रथ को आगे बढ़ने ही नहीं दे रहे हैं जिसमें शिवसेना सुप्रीमो बाला साहब ठाकरे का पार्थव शरीर रखा गया है।
लेकिन वहीं दूसरी ओर भारत के मशहूर लेखक और हंस पत्रिका के अनुपम कार्यकर्ता राजेन्द्र यादव ने फेसबुक पर बाला साहब ठाकरे के खिलाफ जहर उगल दिया है। अपनी तीखी कलम के लिए पूरे भारत में मशहूर राजेन्द्र यादव ने अपने फेस बुक वॉल पर लिखा है कि "बाल ठाकरे का एक और उवाश (जब बाबरी ढांचा ध्वस्त किया गया था) : पता चला है कि छः युवक छाती में डायनामाईट छुपा कर रेंगते हुए आगे बढ़े थे बाबरी ढांचे को ध्वस्त करने के लिये. अगर... और मैं दुहरा रहा हूँ कि अगर... यह काम शिवसैनिकों का है तो मुझे इस पर गर्व है!' ऐसा बनुत कम हुआ कि ठाकरे ने कोई रचनात्मक या सकारात्मक बात की हो, फिर भी आज मीडिया ने जैसे ठाकरे की अंतिम यात्रा को एक ज़बरदस्त माफिया दुकान में बदल दिया है. अफ़सोस, मीडिया उस तमाशाई जैसा हो गया है जो मोहल्ले मोहल्ले जा कर लोगों को बायोस्कोप का डिब्बा दिखता था - दिल्ली का क़ुतुब मीनार देखो, आगरे का ताजमहल देखो... दो पैसे में दो पैसे में।"
राजेन्द्र यादव की कलम यहीं नहीं रूकी उन्होंने आगे लिखा है कि "लुंगी हटाओ, पुंगी बजाओ, एक बिहारी, सौ बीमारी, मुसलमान, कैंसर की बीमारी जैसे फूहड़ नारे उछालने वाले बाल ठाकरे की शान में जिस तरह कसीदे काढे जा रहे उससे तो यही लगता है कि हम हिन्दुस्तानियों की याददाश्त वास्तव में बेहद कमजोर होती है.."
इस पोस्ट को सैकड़ो की संख्या में शेयर किया गया है और इस पर ज्यादा से ज्यादा कमेंट किया गया है। जो प्रतिक्रियाएं दी गयी है वो भी काफी आक्रामक है। इससे जाहिर होता है कि बाला साहब ठाकरे के जितने समर्थक थे उतने ही आलोचक भी थे। जीते जी तो बाला साहब के निशाने पर देश की जानी-मानी बड़ी हस्तियां रहीं और हस्तियों के निशाने पर रहे बाला साहब। कहना गलत ना होगा कि बाला साहब के तीखे वारों का असर इस कदर है जिसे उनकी मृत्यु भी कम होने नहीं दे रही है।इस बारे में आप क्या कहना चाहेंगे...अपनी बात नीचे लिखे कमेंट बॉक्स में दर्ज करायें।













Click it and Unblock the Notifications