हरियाणा सरकार ने वाडरा के लिये की दलाली: केजरीवाल

राजधानी में एक प्रेसवार्ता कर केजरीवाल ने कई और नये खुलासे किये। उन्होंने कहा कि रॉबर्ट वाडरा को डीएलएफ ने 65 करोड़ नहीं बल्कि 85 करोड़ का लोन दिया। वो भी बिना किसी सिक्योरिटी के। वाडरा ने कई जगह जमीनों के लिये एडवांस भी दिया, लेकिन जमीन नहीं ली। और अगर सरकार यह सोचती है कि मेरे द्वारा लगाये गये आरोप गलत हैं, तो जांच क्यों नहीं करवाती है।
केजरीवाल ने कहा कि यह मामला वित्तमंत्री के लिये नहीं बल्कि आयकर विभाग के लिये है। अगर यह साधारण बिजनेस डीलिंग है, तो उन्हें बचाने के लिये देश के मंत्री क्यों जुट गये हैं। आयकर विभाग क्यों आगे नहीं आता। चलिये कॉर्पोरेट घोटाला है, तो कम से कम कॉर्पोरेट मिनिस्टर को ही बोलना चाहिये। लेकिन उनकी जगह वित्त मंत्री बचाव कर रहे हैं। कानून मंत्री सलमान खुर्शीद बचाने आ रहे हैं। खुर्शीद ने कहा कि वो सोनिया गांधी के लिये जान दे सकते हैं। हमने तो उन्हें यही सोच कर वोट दिया था, कि वे देश के लिये जान देंगे।
केजरीवाल ने इससे पहले कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों को धोखा देकर उनकी जमीन हड़पी और फिर डीएलएफ को बेच दी। सरकार ने 350 एकड़ जमीन 1700 करोड़ में बेच दी। तमाम किसानों को तो अभी तक मुआवजा भी नहीं मिला। अगर राज्य के मुख्यमंत्री हुड्डा खुद को पाक साफ समझते हैं तो विधानसभा में श्वेत पत्र लायें।
केजरीवाल ने आगे कहा कि रही बात कोर्ट में तो तब जायें, न जब आयकर विभाग, एंफोर्समेंट विभाग व संबंधित अन्य विभाग जांच तो करें। मनमोहन सिंह और हुड्डा इस्तीफा दे दें तो हम कोर्ट में जाने के लिये तैयार हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी के नाम से भी कई जमीने हैं, उनके खिलाफ सबूत मिलने के बाद वो खलासा करेंगे। उन्होंने कहा कि जो खुलासा कल करने वाले हैं, वो अब 16 अक्टूबर को करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications