ताज देखने आए पर्यटकों को सपाइयों ने खदेड़ा

वहीं गोरखपुर में प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने मालगाड़ी पर पथराव कर ड्राइवर को घायल कर दिया। सपाइयों ने कई सरकारी कार्यालयों पर ताला डालकर कर्मचारियों व अधिकारियों को भीतर जाने से रोकने का प्रयास किया। इतना ही नहीं सपाइयों ने आगरा में ताजमहल को भी बंद करवाने की कोशिश की तथा दक्षिणी गेट बंद कर पर्यटकों को प्रवेश करने से रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने जैसे-तैसे सपाइयों को रोका लेकिन उनके प्रदर्शन को देखकर पर्यटक वहां से भाग खड़े हुए।
आगरा जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार जिले में भाजपा ने बेलनगंज चौराहे के निकट की दुकानें बंद करवा भातर बंद में शामिल होने की अपील की। इसके अतिरिक्त नेशनल हाइवे 2 (एनएच-2) के खंदारी चौराहे पर प्रधानमंत्री का पुतला जलाया गया तथा कुछ देर के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित रहा।
उधर दोपहर करीब डेढ़ बजे सपा कार्यकर्ता ताजमहल के दक्षिणी गेट पर पहुंचे और गेट बंद कराने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों में संघर्ष हो गया। पर्यटक यह देखकर वहां से भाग खड़े हुए और ताज के आस-पास भगदड़ मच गयी। दर्जनों की संख्या में पर्यटक ताज देखने से महरूम हो गये। पर्यटकों ने इसके लिए विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि यह गलत है।
दूसरी ओर लखनऊ में भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने भारत बंद को पूरी तरह से सफल बताया। पत्रकार वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि भारत का धन विदेशी बैंको मे जमा है लेकिन केंद्र ने इसे वापस लेने की कोई कोशिश नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश का राजकोषीय घाटा केंद्र सरकार की गलत नीतियों की वजह से हो रहा है। उन्होंने कहा कि वालमार्ट बीस लाख कर्मचारियों के सहारे ही पूरी दुनिया मे काम चला रहा है। ऐसे में यह कैसे कहा जा सकता है कि विदेशी कम्पनियों के भातर में आने के बाद देश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
आज के विरोध प्रदर्शन में गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बिहार से आगरा जा रही एक मालगाड़ी को रोकने का प्रयास किया लेकिन जब वह सफल नहीं हो सके तो मालगाड़ी पर पथराव कर दिया जिससे मालगाड़ी के ड्राईवर उस्मान अंसारी को चोट आयी। राजधानी लखनऊ में कुछ ऑटों वालों को प्रदर्शनकारियों ने पीट दिया। कानपुर में प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज हुआ।












Click it and Unblock the Notifications