अरविंद केजरीवाल ने अन्ना का इस्तेमाल किया

अन्ना आंदोलन के कार्यकर्ता अधिवक्ता नवीन चौधरी ने अपने फेसबुक वॉल पर लिखा है कि अरविंद केजरीवाल ने अन्ना हजारे का इस्तेमाल किया है। अरविंद केजरीवाल जरूरत से ज्यादा बुद्दिमान हैं, उन्हें जो हासिल करना था वो उन्होंने हासिल कर लिया है। अन्ना के आंदोलन के पहले केजरीवाल को कोई नहीं जानता था। आज वो कुछ भी बोलते हैं वो हेडलाइन बन जाती है। आज केजरीवाल को देश का बच्चा-बच्चा जानता है इसलिए उन्हें भी राजनीति का चस्का लग गया है, वो भी अपनी जेबें गर्म करना चाहते हैं, लेकिन शायद वो भूल गये हैं कि बिना अन्ना के वो कुछ नहीं है, यह बात आम जनता भी जानती हैं जो कि उनका यह सपना पूरा नहीं होने देगी।
नवीन चौधरी पिछले 20 सालों से दिल्ली के जिला कोर्ट में वकालत कर रहे हैं और पिछले पांच सालों से वो अन्ना के आंदोलन में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं। बकौल नवीन अन्ना एक सीधे और सरल इंसान हैं, वो केजरीवाल की राजनीतिक महात्वाकांक्षा को समझ नहीं पाये इसलिए उन्हें इतना अपने करीब आने दिया। टीम अन्ना के भंग होने से नवीन काफी आहत हैं उन्होंने कहा कि उन्हें भी लगने लगा है कि अन्ना का आंदोलन भटक गया है और बेकार हो गया है।
गौरतलब है कि राजनीतिक पार्टी के खिलाफ रहे अन्ना हजारे ने बुधवार को ऐलान किया कि वो केजरीवाल के साथ कोई पार्टी नहीं बना रहे हैं । उन्होंने साफ तौर पर केजरीवाल को हिदायत दी है कि वो अपने कैंपेन के दौरान उनकी ना तो तस्वीरों का इस्तेमाल करें और ना ही उनके किसी बयान का।












Click it and Unblock the Notifications