डीजल के दामों के खिलाफ हरियाणा के कई शहरों में विरोध
चंडीगढ़। इनेलो ने कांग्रेस सरकार द्वारा डीजल की कीमतों में पांच रुपए प्रति लीटर बढ़ौतरी किए जाने और रसोई गैस की आपूर्ति सीमित करके साल में छह सिलेंडर के बाद करीब 350 रुपए महंगी दर पर आम आदमी को सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर किए जाने की कड़े शब्दों में भत्र्सना करते हुए इसे तुरंत वापिस लिए जाने की मांग की है।
इनेलो प्रमुख व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि देश व प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के इस जनविरोधी फैसले को किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेगी और इस मुद्दे पर व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा ताकि केंद्र सरकार को अपने इस जनविरोधी फैसले को वापिस लेने के लिए मजबूर किया जा सके।

प्रदर्शन में ये गधा कौन है?
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने एक गधे को यूपीए सरकार का नाम दिया और शहर में घुमाया। कई लोगों ने इसे यूपीए सरकार के कई मंत्रियों का भी नाम दिया। इस गधे को शहर के कई इलाकों में घुमाया गया।

यूपीए सरकार का पुतला फूंका
डीजल की कीमतों में पांच रुपए प्रति लीटर बढ़ौतरी और रसोई गैस के सिलेंडरों में कटौती के खिलाफ इनेलो कार्यकत्र्ताओं ने प्रदेशभर में सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया और कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए यूपीए सरकार का पुतला फूंका। भिवानी में प्रदर्शन का नेतृत्व लौहारू के विधायक व जिला अध्यक्ष धर्मपाल ओबरा ने किया और प्रदर्शन में पार्टी नेता बलदेव घनघस, विक्रम सिंह, पुनीत मस्ता सहित अनेक प्रमुख नेता शामिल हुए।

जींद में बड़ा प्रदर्शन
जींद में इनेलो के प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व पार्टी के जिला प्रभारी सुरेंद्र दहिया, जुलाना के विधायक परमिंदर ढुल और नरवाना के विधायक पिरथी सिंह नंबरदार ने किया। प्रदर्शन में सूरजभान काजल, प्रदीप गिल व डॉ. कृष्ण मिड्ढा भी शामिल थे। कैथल में प्रदर्शन का नेतृत्व विधायक रामपाल माजरा व जिला प्रभारी आशा सिंह ने किया और यूपीए सरकार का पुतला फूंका।

सिरसा में पुतला फूंका
सिरसा और पंचकूला में इनेलो की ओर से किए गए विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कालका के विधायक प्रदीप चौधरी व जिला प्रभारी व पूर्व विधायक लीलाराम गुज्जर ने किया। प्रदर्शन में पार्टी के शहरी प्रधान मनोज अग्रवाल, सीमा चौधरी, भाग सिंह दमदमा, एसपी अरोड़ा, विजय बंसल सहित अनेक प्रमुख नेता मौजूद थे।

हिसार में व्यापक विरोध
हिसार में इनेलो की ओर से किए गए प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाअध्यक्ष उमेद सिंह लोहान, जिला प्रभारी पूर्व चेयरमैन अमीर चंद चावला व पूर्व विधायक पूर्ण सिंह ने किया। प्रदर्शन में कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष धारा सिंह सहित अनेक प्रमुख नेता मौजूद थे। सोनीपत में प्रदर्शन का नेतृत्व रोहतक के पूर्व सांसद कैप्टन इंद्र सिंह व पूर्व विधायक एवं जिला अध्यक्ष पदम सिंह दहिया ने किया।

प्रदर्शन में आये प्रमुख नेता
प्रदर्शन में राजकुमार रिढाऊ, पूर्व विधायक रामफल चिडाना, बबीता दहिया, पवन तनेजा, कृष्ण गोपाल त्यागी व रणबीर दहिया सहित अनेक प्रमुख नेता मौजूद थे। सिरसा में प्रदर्शन का नेतृत्व युवा इनेलो के जिला अध्यक्ष धर्मबीर नैन ने किया और प्रदर्शन में रणधीर जोधका, महावीर बागड़ी राहित गनेरीवाला, बंसी सचदेवा, कृष्ण झोरड़ व महावीर शर्मा सहित अनेक प्रमुख नेताओं ने हिस्सा लिया। इनेलो नेताओं की ओर से अम्बाला, यमुनानगर, फतेहाबाद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, रोहतक, झज्जर, पानीपत, करनाल व कुरुक्षेत्र सहित प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर विशाल विरोध प्रदर्शन करते हुए यूपीए सरकार के पुतले जलाए गए और कीमतों में की गई बढ़ौतरी वापिस लिए जाने की मांग की गई।
इनेलो ने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर रोष प्रदर्शन किए और यूपीए सरकार के पुतले जलाकर अपना रोष जताया। इन विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व इनेलो के जिला अध्यक्षों, स्थानीय विधायकों व पार्टी के अन्य प्रमुख पदाधिकारियों ने किया। उन्होंने कहा कि डीजल की कीमतों में बढ़ौतरी से मालभाड़ा, परिवहन की दरों, कृषि क्षेत्र, सेवा क्षेत्र और उत्पादन लागत से लेकर आम जरूरत की हर वस्तु पर असर पड़ेगा।
इनेलो प्रमुख ने कहा कि यूपीए सरकार पूरी तरह से तबाह करने पर तुली हुई है और अपने घपलों, घोटालों व भ्रष्टाचार से ध्यान हटाने के लिए डीजल व रसोई गैस की कीमतों में बढ़ौतरी करके लोगों द्वारा सरकार के भ्रष्टाचार और घोटालों का विरोध करने की लोगों को सजा दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस बढ़ौतरी से आम लोगों पर 25 हजार करोड़ से ज्यादा का अतिरिक्त बोझ डाल दिया है जिसे आम आदमी सहन करने की स्थिति में नहीं है।
यूपीए सरकार को आम लोगों के हितों से कोई लेना-देना नहीं है और प्रधानमंत्री किसी निर्वाचित प्रतिनिधि की बजाय बहुराष्ट्रीय कंपनी के सीईओ की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ यूपीए सरकार अरबों-खरबों के घोटाले कर रही है और दूसरी तरफ लोगों पर अरबों-खरबों का बोझ डालकर उन्हें तबाह करने व अपनी जेबें भरने में लगी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications