मुंबई के बाद पंजाब-हरियाणा में भी मूसलाधार बारिश

उत्तर भारत में मानसून अपने आखिरी दौर में है। जुलाई महीना सूखा चले जाने की भरपाई करते हुए मानसून अगस्त व सितंगर के शुरूआती हफते में हरियाणा को जमकर बरस रहा है। पश्चिम हरियाणा के क्षेत्रों हिसार, फतेहाबाद व सिरसा में मंगलवार सुबह लगभग 9 बजे से शुरू हुई। तेज बारिश से सिरसा शहर सहित जिले के अन्य शहरों, कस्बों व गांवों में पानी भर गया।
बारिश से गर्मी से राहत जरूर मिली है लेकिन खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान होने का खतरा भी बढ़ गया है। आज सुबह करीब 9 बजे बारिश शुरू हुई थी जो धीरे-धीरे इतनी तेज हो गई कि शहर की सड़कों व गलियों में पानी भर गया। तेज बारिश के कारण गलियों में भरा पानी गली से नीचे बने हुए घरों में भी घुस गया।
आफिस जाने के समय हुई बारिश के कारण सिरसा शहर के कई बाजारों में जाम की स्थिति बनी रही। यहां तक की रेलवे ओवरब्रिज के ऊपर भी वाहनों का जाम लगा रहा क्योंकि पुल के दोनो छोर, बस स्टैंड व अंबेडकर चौक पर बारिश का पानी भरा हुआ था। इस वजह से पुल से उतरने वाले वाहनों की गति धीमी रही और जाम लग गया। इसके अलावा परशुराम चौक, बाल भवन, रोड़ी बाजार, बस स्टैंड, सांगवान चौक, शिव चौक आदि पर भी वाहनों का जमघट लगा रहा।
बारिश के कारण सिरसा का बस स्टैंड पूरी तरह से तालाब बन गया। बस अड्डा परिसर में बारिश के पानी की निकासी का उचित प्रबंध न होने की वजह से अड्डा परिसर में एक-एक फीट तक पानी भर गया। ऐसे में बसों में यात्रा करने वालों को पानी के बीच जाकर बसों में बैठना पड़ा और पानी के बीच ही बस से उतरकर अड्डे से बाहर आना पड़ा। तेज बारिश के कारण गांवों में भी मुसीबत पैदा हो गई।
कुछ गांवों में गलियों में पानी भरने से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हुई। खेतों में भी एक-एक फीट तक पानी जमा होने से फसलें डूब गई। हालांकि अभी फसलों के नुकसान की खबर नहीं है मगर किसानों का कहना है कि यह बारिश आज शाम या बुधवार को फिर से हुई तो नुकसान तय है।
हरियाणा मौसम विभाग के आंकड़े-
हरियाणा में आज कुल 592 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। जिला मेवात के नूंह में सर्वाधिक 89 मिलीमीटर और रेवाड़ी के जाटूसाना में सबसे कम 1 मिलीमीटर वर्षा हुई। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में आज जिला यमुनानगर के छछरौली में 11, बिलासपुर में 22 मिलीमीटर, सढौरा में 25 मिलीमीटर और मुस्तफाबाद में 9 मिलीमीटर, फरीदाबाद में 33 मिलीमीटर, बल्लबगढ़ में 18 मिलीमीटर और छानसा में 19 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
इसी प्रकार गुडगांव में 20 मिलीमीटर, फारूखनगर में 15 मिलीमीटर, सोहना में 25 मिलीमीटर और पटौदी में 27 मिलीमीटर, मोहिन्द्रगढ़ में 2 मिलीमीटर, नारनौल में 18 मिलीमीटर, नांगल चौधरी में 5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त, रेवाड़ी में 39 मिलीमीटर, बावल में 14 मिलीमीटर, खोल में 20 मिलीमीटर और कोसली में 17 मिलीमीटर, फतेहाबाद में 4 मिलीमीटर, रतिया में 3 मिलीमीटर, रोहतक में 4 मिलीमीटर, महम में 2 मिलीमीटर, झज्जर में 4 मिलीमीटर, बेरी में 8 मिलीमीटर, साहल्वास में 12 मिलीमीटर और दूजाना में 6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसी प्रकार जिला मेवात के तावडू में 56 मिलीमीटर, पुन्हाना में 3 मिलीमीटर और नगीना में 6 मिलीमीटर, पलवल में 21 मिलीमीटर, होडल में 4 मिलीमीटर और हथीन में 30 मिलीमीटर वर्षा हुई।


Click it and Unblock the Notifications
