दिल्ली में दो दिन और जमकर बरसेंगे बदरा

मानसून के आखिरी दौर में दिल्ली, नोएडा और एनसीआर में बादल जमकर बरस रहे हैं। मंगलवार को कहीं तेज और कहीं धीमी बारिश हुई। बुधवार को भी झमाझम बारिश हो रही है। रात्रि के तीन बजे से यहां बारिश हो रही है। मंगलवार को हुई बारिश के कारण रात का तापमान एक डिग्री कम हो गया। कुल मिलाकर मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को 2.5 से 7.5 मिली मीटर तक बारिश हुई। इस दौरान हवाओं की रफ्तार दस किलोमीटर प्रति घंटा रही। लगातार बारिश के कारण दिल्ली का तापमान 25.3 डिग्री पर पहुंच गया है।
इस बीच बारिश होने की वजह से उफनती यमुना नदी में जलस्तर और बढ़ गया है। यमुना खतरे के निशान के बेहद करीब है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में जमकर बारिश होगी, जाहिर है इससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बरसात के बीच हरियाणा के हथिनीकुंज बैराज से शाम पांच बजे 43 हजार 218 क्यूसेक पानी दिल्ली के लिए और छोड़ दिया गया। इससे पानी का स्तर और बढ़ गया।
कोर्ट ने लिया संज्ञान
देश की राजधानी दिल्ली चंद घंटों की बारिश से बेहाल हो जाती है। सड़कों पर जगह जगह पानी भर जाता है और फिर लग जाता है भारी ट्रैफिक जाम। दिल्ली में आए दिन बारिश की वजह से होने वाले जलभराव पर दिल्ली हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया है। हाईकोर्ट ने दिल्ली सरकार को इस समस्या से निपटने के लिए एक कमेटी बनाने को कहा है। कोर्ट ने कहा इसके लिए कमेटी बनाई जाए।












Click it and Unblock the Notifications