इसकी तो तारीफ होनी चाहिए कि कुछ ही घंटों में बिजली बहाल हो गई: शिंदे

बिजली की स्थिति सामान्य होने से पहले ही सरकार ने शिंदे को पी. चिदंबरम की जगह गृहमंत्री बनाने की घोषणा कर दी। चिदंबरम करीब चार साल बाद वित्त मंत्रालय में लौटे हैं। शिंदे ने कहा कि उन्होंने बिजली संकट पर रपट प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को सौंप दी। उन्होंने कहा मैंने पीएमओ को बताया अमेरिका में बिजली चार दिन तक नहीं आती जबकि हमने यहां कुछ ही घंटों में सामान्य स्थिति बहाल कर दी। सोमवार तड़के गुल हुई बिजली की आपूर्ति करीब 20 घंटे में बहाल हो पाई।
कल ग्रिड दूसरी बार ठप्प होने के बाद देश में बिजली पारेषण लाइनों का परिचालन करने वाली सरकारी कंपनी पावर ग्रिड कार्पोरेशन ऑफ इंडिया के अधिकारियों से इसकी वजह बताने के लिए कहा गया था। शिंदे ने इससे पहले कहा था कि 2003 में अमेरिका के कुछ प्रांतों में बिजली गुल हुई थी जिसे बहाल करने में चार दिन लग गए थे जबकि यहां पावर ग्रिड के इंजीनियरों ने कुछ ही घंटों में हालात सामान्य कर दिये। सोमवार को उत्तरी भारत में बिजली गुल हुई और देश की एक चौथाई आबादी को बिजली की आपूर्ति नहीं हुई। मंगलवार को इससे भी बड़ा संकट पैदा हुआ और उत्तरी, पूर्वी व पूर्वोत्तर तीन ग्रिड ठप्प हो गए।












Click it and Unblock the Notifications