अब बलिदान चाहती है सरकार तो वही देंगे: अन्ना हजारे

राजधानी में शाम को एक प्रेसवार्ता कर अन्ना हजारे ने कहा कि सरकार लंबे समय से धोखा देती आ रही है। अब हम उसके जाल में नहीं फंसने वाले। पूरा देश भ्रष्टाचार के दलदल में फंसता जा रहा है और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। देश को बचाने के लिये अब बलिदान देना ही होगा। उन्होंने कहा कि उनका स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक है। कल यानी 25 जुलाई से अरविंद केजरीवाल अनशन पर बैठेंगे, उसके बाद जरूरत पड़ी तो 29 जुलाई से खुद अन्ना भी अनशन पर बैठ जायेंगे।
प्रणब का राष्ट्रपति बनना शर्मनाक
प्रेसवार्ता में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भ्रष्टाचार में डूबी सरकार ने राष्ट्रपति पद पर भी भ्रष्ट व्यक्ति को बिठा दिया जो देश के लिये शर्मनाक है। उन्होंने कहा केंद्र की कैबिनेट के अधिकांश नेताओं पर संगीन आरोप लगे हुए हैं। सरकार किसी भी हालत में देश को भ्रष्टाचार से मुक्त होते नहीं देखना चाहती, यही कारण है कि वो जन लोकपाल बिल नहीं लाना चाहती। उन्होंने कहा कि अगर लोकपाल बिल होता तो प्रणब मुखर्जी राष्ट्रपति कभी नहीं बन पाते।
प्रेसवार्ता में प्रशांत भूषण ने भी चार दिन बाद अनशन पर बैठने की बात कही। हालांकि कल सुबह 10 बजे से केजरीवाल, मनीष सिशोधिया और गोपाल रॉय अनशन पर बैठेंगे। सभी ने पूरे देश से अपील की है कि वो सरकार के खिलाफ इस मुहिम में उनके साथ जुड़ें।












Click it and Unblock the Notifications