देश का 14वां राष्ट्रपति चुनने के लिये कल होगा मतदान

संसद भवन में मतदान अधिकारियों के छह टेबल होंगे। निर्वाचक मंडल के सदस्यों के नाम क्रमवार उनमें बांट दिये जायेंगे। हर टेबल के पास लगे बोर्ड पर मतदाताओं की क्रम संख्या प्रदर्शित होगी। मतदान के लिए छह मतदान खंड बनाये गये हैं। राष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचक मंडल में संसद और राज्य विधानसभाओं के कुल 4896 सदस्य शामिल हैं। इनमें लोकसभा के 543 और राज्य सभा के 233 सदस्यों के अलावा विभिन्न राज्य विधानसभाओं के 4120 सदस्य हैं। लोकसभा और राज्यसभा के तकरीबन 77 सांसदों ने चुनाव आयोग से अपने अपने गृह राज्यों में मतदान करने की लिखित में इजाजत मांगी है जबकि विभिन्न राज्यों के आठ विधायकों ने दिल्ली में मतदान करने की इच्छा जताई है।
आयोग ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है और संबंधित राज्यों में सहायक निर्वाचन अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दे दिये हैं। दिल्ली से बाहर मतदान करने की इच्छा जताने वाले इन सांसदों में तृणमूल कांग्रेस सहित विभिन्न दलों के संसद सदस्य शामिल हैं। राज्य मुख्यालय में मतदान करने की इच्छा जताने वाले सांसदों में कांग्रेस के जर्नादन रेड्डी (आंध्र प्रदेश) और भुवनेश्वर कलिता (असम) सहित पांच सांसद भी शामिल हैं।
तमिलनाडु में 234 विधानसभा सदस्यों के अलावा लोकसभा और राज्यसभा के कुल पंद्रह सदस्य भी राष्ट्रपति चुनाव के लिए चेन्नई में मतदान करेंगे। राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतगणना 22 जुलाई को ग्यारह बजे शुरू होगी। राष्ट्रपति चुनाव के लिए 16 जून को अधिसूचना जारी हुई थी और 30 जून तक नामांकन दाखिल हुए थे । इस चुनाव के लिए राज्यसभा के महासचिव विवेक कुमार अग्निहोत्री को निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications