12 घंटे बाद बुझी मंत्रालय की आग, मिलीं तीन लाशें

इस आग में 16 लोगों के घायल होने की खबर है। इस आग में तमाम महत्वपूर्ण फाइलें जलकर नष्ट हो गईं। फिलहाल पता लगाया जाना बाकी है कि किन घोटालों या किन मामलों से संबंधित फाइलें राख हुई हैं। ये भी प्रश्न उठ रहे हैं कि आग की इस घटना में कहीं कोई साजिश तो नहीं। इस इमारत मैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के कार्यालय स्थित हैं।
इस आग में नष्ट फाइलों में ज्यादातर शहरी विकास विभाग की थीं। आदर्श घोटाले के बाद शहरी विकास विभाग सुर्खियों में है जिसमें कई शीर्ष राजनेता, नौकरशाह और पूर्व सैन्य अधिकारी शामिल हैं। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सात मंजिला मंत्रालय इमारत की छठी मंजिल से तीन शव मिले हैं।
मुख्यमंत्री ने की जांच की घोषणा
मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने राज्य सरकार सचिवालय के मंत्रालय भवन में लगी आग की जांच मुंबई पुलिस की अपराध शाखा से कराए जाने की घोषणा की। यह पूछे जाने पर कि क्या इस आग में महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट हो गए हैं, उन्होंने कहा कि उनकी बैकअप फाइलें हैं। दो लाख 27 हजार फाइलों के तीन करोड़ 18 लाख पन्नों को स्कैन किया गया था और वे सुरक्षित हैं। सीबीआई ने भी आदर्श घोटाले से संबंधित फाइलों के नष्ट होने को लेकर आशंकाओं को शांत करते हुए कहा कि उसके पास सभी संबंधी दस्तावेजों की प्रतियां हैं।
सीबीआई पहले ही ले चुकी थी आदर्श से संबंधित कागजात
सीबीआई के के मुताबिक पिछले साल ही जांच के तहत सभी जरूरी दस्तावेज राज्य सरकार से ले लिये गये थे। पिछले साल शहरी विकास विभाग के कम्प्यूटरों के हार्डड्राइव भी जब्त कर लिये थे। वहीं भाजपा ने इस घटना की जांच साजिश के कोण से करने की मांग की है। भाजपा प्रवक्ता निर्मला सीतारमन ने कहा कि उनकी पार्टी चाहती है कि सच्चाई सामने आये और करगिल के शहीदों की उन विधवाओं को न्याय मिले जिनके लिए भूमि आवंटित की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications