यूपी सरकार का फरमान शाम सात के बाद मॉल बंद

अखिलेश सरकार ने प्रदेश में बढ़ते बिजली संकट से राज्य को उबरने के लिए राज्य की सभी दुकानों, मॉल और व्यावसायिक गतिविधियों को शाम 7 बजे के बाद संचालित नहीं करने का निर्णय किया है। आदेश के अनुसार, रेस्टोरेंट के बंद होने का समय रात 10 बजे निर्धारित किया है। सरकार ने स्टील फर्नेस व रोलिंग मिलों को भी अगले आदेश तक बंद करने के आदेश दिए हैं। दुकानों, मॉल व रेस्टोरेंट में बिजली की खपत घटाने के लिए श्रम विभाग ने दवा की दुकानों को छोड़कर अन्य सभी दुकानें व मॉल को पूर्वाह्न 11 से शाम 7बजे तक ही खोलने के आदेश दिए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से 15 दिनों के लिए लागू किया गया है।
श्रम विभाग के प्रवक्ता ने आगाह किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, प्रदेश में बिजली की मांग व उपलब्धता में दो-तीन हजार मेगावाट से ज्यादा का अंतर होने से गांव ही नहीं शहर व उद्योगों की दी जाने वाली बिजली में भी अघोषित कटौती हो रही है। शहरों में जहां जलापूर्ति भी प्रभावित हो रही है वहीं गांव में भी कुछ घंटे ही बिजली पहुंचने से फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। गर्मी से उबलते लोगों को पानी तक न मिल पाने पर शहरों में लगातार धरना-प्रदर्शन हो रहें हैं जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने के हालात पैदा हो रहे हैं।
पावर कार्पोरेशन के सीएमडी अवनीश अवस्थी ने ज्यादा बिजली खपत वाले स्टील फर्नेस व रोलिंग मिल को भी अगले आदेशों तक बंद करने का फरमान जारी किया है। स्ट्रीट लाइटें भी अब शाम 8 से तड़के 4.30 बजे तक ही जलाई जाएंगी। विज्ञापन संबंधी होर्डिग, ग्लो साइन बोर्ड व सजावटी लाइटों में बिजली के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है।
उधर, राज्य के कई हिस्सों में सरकार के इस आदेश का व्यापारियों ने विरोध करना शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि इससे उन्हें करोड़ों का नुकसान होगा। व्यापारियों का तर्क है कि लोग सात बजे के बाद ही इस चिलचिलाती गर्मी के बाद घरों से निकल कर मार्केट में आते हैं और उसी समय यदि बाजार बंद कर दिया जाएगा उससे न केवल उनकी बिक्री प्रभावित होगी बल्कि लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करेना पड़ेगा। इसलिए व्यापारियों ने मांग की है कि अखिलेश सरकार को इस आदेश को जल्द से जल्द वापस ले लेना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications