बारात में फायरिंग के चलन ने ली युवक की जान

सिसाना गांव में जौली गांव से बारात आई थी। शादी समारोह में आए बाराती नाच-गा रहे थे। जैसे ही बारात ने महेंद्र के घर की ओर रुख किया, तो ग्रामीण बारात देखने के लिए आ गए। इस दौरान दीपक (18) पुत्र कृष्ण भी नाच देखने के लिए आ गया। उसी दौरान बारातियों में एक युवक ने रिवाल्वर से गोली चला दी। गोली के छर्रे दीपक के चेहरे पर जा लगे, जिससे दीपक लहूलुहान होकर गली में गिर गया। उसकी चीख सुनकर समारोह में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच भीड़ का फायदा उठा कर गोली चलाने वाला बाराती भी मौके से फरार हो गया।
अन्य बाराती भी इधर-उधर हो गए। दीपक को गोली लगने की सूचना के बाद उसके परिजनों ने उसे रोहतक स्थित पीजीआइ पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी कुलदीप देशवाल ने बताया कि हमलावर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उसका पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर पक्ष से बारात में आए लोगों के साथ ही उन लोगों की भी सूची मांगी गई है, जो बाराती हथियार लिए थे।












Click it and Unblock the Notifications