सरकार गिराना नहीं बदलना चाहती है भाजपा

मुरली मनोहर जोशी ने कहा कि केन्द्र सरकार इस समय सघन चिकित्सा कक्ष में है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केन्द्र सरकार को गिराना नहीं बल्कि बदलना है क्योंकि अब यहीं समय की मांग है। देश में पेट्रोल की कीमतें आसमान पर हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी हुई है। यही नहीं सरकार कोई ठोस कदम भी नहीं उठा रही है। देश को स्वस्थ सरकार चाहिए न कि लकवाग्रस्त जो देश हित के बारे में कोई निर्णय नहीं ले सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कोई निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। भाजपा नेता ने मजहब पर आधारित आरक्षण का विरोध करते हुए कहा कि इससे वैमनस्यता बढ़ेगी। इस सवाल पर आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के कल आये निर्णय का उन्होंने स्वागत किया। जोशी ने अनाज भण्डारण क्षमता में बढोत्तरी की मांग की और कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल सके इसलिये सरकार को निर्यात के दरवाजे खोल देने चाहिए।
उन्होंने कहा कि गंगा को बचाने की लड़ाई सभी को मिलकर लडऩी होगी। गंगा प्रदूषण का प्रश्न सामान्य नहीं है। सभी को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा क्योंकि केन्द्र सरकार इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि गंगा को राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। भाजपा नेता ने कहा है कि देश में आर्थिक संकट के बादल उमड़ रहे हैं।
अगर इसे सुधारने के ठोस प्रयास नहीं किये गये तो अर्थ व्यवस्था ठप पड़ जायेगी। रुपये का बराबर अवमूल्यन हो रहा है। इसके कारण व्यापार घाटा लगातार बैठ रहा है। महंगाई बढ रही है, बेरोजगारी की समस्या विकराल हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मसले पर चर्चा करने को तैयार नहीं है। सारा दोष विरोधियों पर मढ़ा जा रहा है। वित्तमंत्री अब खर्चे में कटौती की बात कर रहे हैं लेकिन समझ में नहीं आता कटौती कहां करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications