सीबीआई ने ड्राइवरों व चपरासियों से की पूछताछ

सीबीआई का मानना है कि ड्राइवर व चपरासी यह बता सकते हैं कि आखिर डा. शुक्ला कहां और किससे मिलने जाते थे जबकि चपरासी के माध्यम से यह जानकारी ली जा सकती थी कि किस प्रकार के लोग उनसे मिलने आते थे। सीबीआई ने ड्राइवरों से दो वर्ष पूर्व की लॉग बुक पेश करने के निर्देश दिये हैं।
सीबीआई टीम ने सीएमओ कार्यालय के चपरासी व ड्राइवरों को पूछताछ के लिए तलब किया। इसके साथ ही डा. एके शुक्ला के कार्यकाल के वाहनों की लॉग बुक भी मंगवाई। सीबीआई यह पता करने की कोशिश कर रही डा. शुक्ला किन-किन लोगों से मिलने जाते थे तथा कौन लोग डा. शुक्ला से मिलने के लिए कार्यालय आया करते थे।
सीबीआई ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों से पूछताछ की तथा पूर्व सीएमओ के चपरासी से कार्यालय में लोगों की आवाजाही के बारे में जानकारी ली। ड्राइवरों से पूछताछ हुई कि डा. शुक्ला सरकारी वाहन से किन लोगों से मिलने जाते थे।
सीबीआई का डा. शुक्ला के फोन डिटेल से यह पता चला कि डा. विनोद कुमार आर्या की मौत के बाद डा. एके शुक्ला व डा. वाईएस सचान के मिलने जुलने का सिलसिला काफी बढ़ गया था। दोनों न सिर्फ एक दूसरे को फोन करते थे बल्कि घर मिलने भी जाया करते थे। सबूत यह भी मिले कि दोनों घर से बाहर भी मिलते थे।
मोबाइल फोन लोकेशन से पता चला कि कई मौकों पर दोनों के मोबाइल की लोकेशन एक ही रही। हालांकि सीबीआई अब पूर्र्व सीएमओ के ड्राइवर से यही सच उगलवा लेना चाहती है कि डा. सचान व डा. शुक्ला आपस में मिला करते थे। सीबीआई ने डा. शुक्ला के कार्यकाल में तैनात बीएमसी व सीएचसी प्रभारियों को पूछताछ की। जो डॉक्टर सेवानिवृत्त हो गए थे उनको पत्र भेजा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications