बेटी को अपहरणकर्ताओं से जूझ छुड़ा लाई मां

यहां दिनदहाड़े इनोवा कार सवारों ने स्कूल से लौट रही एक बच्ची का अपहरण कर लिया, लेकिन इसी दौरान स्कूटी से पहुंची मां अदम्य साहस दिखाते हुए बच्ची को बदमाशों के चंगुल से छुड़ा लिया। इस घटना में मां व बच्ची दोनों घायल हो गई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना थाना सेक्टर-7 पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि सेक्टर-8 में राहुल तोमर अपनी पत्नी शालिनी तोमर व दो बच्चों के साथ रहते हैं। उनकी बेटी ऋतिका तोमर मॉडर्न डीपीएस स्कूल की चौथी कक्षा में पढ़ती है। स्कूल बस उसे सेक्टर 8-9 के डिवाइडिंग रोड पर उतारती है। इसके बाद वहां से उनकी मां शालिनी उसे अपने साथ ले जाती हैं। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे लड़की को स्कूल बस ने डिवाइडिंग रोड पर उतार दिया।
इसी दौरान वहां पर एक इनोवा कार आकर रुकी और उसमें सवार युवकों ने बच्ची को उठाकर गाड़ी में डाल लिया। इसी दौरान शालिनी भी वहां बेटी को लेने स्कूटी से पहुंच गईं। ऋतिका की मां शालिनी तोमर की निगाह इनोवा गाड़ी पर पड़ी। बेटी को बचाने के लिए शालिनी ने फिल्मी अंदाज में स्कूटी को इनोवा गाड़ी के पीछे दौड़ा दिया।
गाड़ी का पीछा करते हुए शालिनी लोगों से मदद की गुहार करती रही। इसके बाद शालिनी ने हिम्मत दिखाते हुए इनोवा गाड़ी के दरवाजे को पकड़ लिया और स्कूटी को रोड पर फेंक दिया। शालिनी गाड़ी के साथ खिंचती रही और लोगों से सहायता मांगती रहीं। शालिनी ने अपहरणकर्ताओं की गाड़ी का दरवाजा खोल लिया और बेटी को बाहर खींचने का प्रयास किया, तभी गाड़ी में सवार युवक ने शालिनी को धक्का देकर नीचे गिरा दिया।
इस दृश्य को देख रहे लोगों ने भी गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। इस पर कार सवार बदमाशों के हौंसले पस्त हो गए और वे थोड़ी दूर पर जाकर बच्ची को फेंककर फरार हो गए। वहां से गुजर रहे लोगों ने बच्ची और मां को उठाया। इस घटना में मां-बेटी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि अपहरणकर्ता कौन थे। इस बारे में कोई जानकारी नहीं हो सकी है। शालिनी से बदमाशों की गाड़ी का नंबर मिल गया है। उसी आधार पर गाड़ी व बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications