बच्ची को कूड़े के ढेर में फेंक गए पालनहार

बुधवार को फिर डूंडाहेड़ा के राम चौक के पास कूड़े के ढेर के पास एक नवजात मासूम बच्ची मिली। चंद दिन पूर्व जन्मी इस बच्ची को पालनहारों ने लावारिस फेंक दिया। बच्ची की किलकारियां एक राहगीर के कानों तक पहुंचीं तो सूचना पुलिस को दी गई। जिस बिटिया को इस नन्ही सी उम्र में मां के आंचल की दरकार है वह अपनों से दूर अस्पताल में है।
उसकी आंखें शायद उन निर्दयी पालनहारों को तलाश रही हैं, जिन्होंने बगैर कसूर के उसे यह सजा दे दी। उद्योग विहार पुलिस ने इस मासूम को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची प्रीमेच्योर है, इसलिए उसे ऑक्सीजन दी जा रही है।
कुछ टेस्ट भी कराए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट गुरुवार को आएगी। उद्योग विहार थाना प्रभारी सतेंद्र दहिया ने बताया कि बच्ची को राहगीर वेद प्रकाश ने सबसे पहले देखा था। उसकी शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ धारा- 317 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications