एक समय में पहुंची दो बारातें, दूल्हे के भाई की हत्या

बताया जा रहा है कि पर्वतीया कॉलोनी निवासी प्रदीप की शादी संजय कॉलोनी निवासी शंकर लाल की बेटी किरण के साथ होनी थी। बारात रविवार शाम को आना तय हुई थी। शादी से कुछ दिन पहले शंकरलाल ने प्रदीप के परिजनों को बताया कि उसने अपनी दूसरी बेटी इंदू की शादी भी पर्वतीया कॉलोनी निवासी अजय के साथ तय कर दी है। इस बात को लेकर प्रदीप के परिजनों ने नाराजगी जताई और शंकरलाल के सामने विकल्प रखा कि वह दो बारात एक समय पर न बुलाए। इससे दिक्कत हो सकती है।
शंकरलाल ने उस समय आश्वासन दिया था कि अजय की बारात सुबह आएगी और प्रदीप की बारात शाम को। इस बात पर प्रदीप के परिजनों ने सहमति जताई। रविवार रात प्रदीप बारात लेकर शुभम पैलेस पहुंच गया। अभी प्रदीप व किरण की जयमाला की तैयारियां चल ही रही थीं कि अजय भी अपनी बारात लेकर वहां पहुंच गया। दूसरी बारात को देख प्रदीप के परिजन नाराज हो गए। इसके बाद प्रदीप की जयमाला रोक दी गई। प्रदीप व शंकरलाल के परिजनों में इस बात को लेकर कहासुनी होने लगी।
थोड़ी देर में ही झगड़ा हो गया और उसमें प्रदीप के बड़े भाई इंद्रजीत के सिर में किसी ने तंदूर की लकड़ी मार दी जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। झगड़े में प्रदीप के दो ममेरे भाई किशन, दलीप सहित अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि दूसरे पक्ष से शंकरलाल के भतीजे हंसराज व वंशराज सहित कुछ अन्य भी घायल हो गए।
परिजनों का कहना है कि हमला पहले प्रदीप की तरफ से किया गया था। मुजेसर थाना पुलिस ने मृतक इंद्रजीत के भाई अर्जुन की शिकायत पर हंसराज, वंशराज सहित अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। अभी दूसरे पक्ष के बयान का इंतजार है। उधर, प्रदीप की बारात बगैर दुल्हन वापस हो गई जबकि अजय की बारात दुल्हन के साथ विदा हुई।












Click it and Unblock the Notifications