माया के मुंह लगे अफसरों से सपा के मंत्री परेशान

उत्तर प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राजाराम पाण्डेय तो अफसरों के रवैये से बेहद खफा हैं। उनका कहना है कि सरकार बदल जाने के बावजूद अधिकारियों का रवैया नहीं बदला है और वे पुराने ढर्रे पर ही काम कर रहे हैं। दरअसल श्री पाण्डेय की परेशानी की मुख्य वजह मकान आवंटन है।
उनकी समस्या यह है कि जो मकान उन्होंने आवंटित कराया है उसे पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के नजदीकी रहे आईएएस अधिकारी कुंवर फतेह बहादुर ने अभी तक खाली नहीं किया है। श्री पाण्डेय मुलायम सिंह यादव सरकार में भी मंत्री थे और उन्होंने अतिविशिष्ट अतिथि गृह के पास स्थित इस बंगले को बहुत अच्छा बनवाया था।
वर्ष 2007 का विधानसभा चुनाव हार गये थे और तब उन्हें यह बंगला खाली करना पड़ा। मायावती सरकार ने वह बंगला कुंवर फतेह बहादुर को आवंटित कर दिया था। पाण्डेय प्रदेश की मौजूदा अखिलेश यादव सरकार में भी मंत्री हैं और उन्होंने अपने पसंदीदा बंगले को एक बार फिर आवंटित करवा लिया लेकिन कुंवर फतेह बहादुर उसे खाली नहीं कर रहे हैं।
पाण्डेय का कहना है कि वह अपनी पत्नी, बेटे, बहू और पोती के साथ अपने मित्र के मकान में रह रहे हैं। उनका कहना है कि बंगला खाली नहीं होने के लिए वह मु य रूप से पंचम तल के अधिकारी दोषी हैं। उनका आरोप है कि बार-बार कहने पर भी अधिकारी उनकी बात नहीं सुन रहे। माया के अफसरों से खासे नाराज श्री पाण्डेय ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अधिकारी अपने आगे किसी को नहीं समझते, वह चाहे मंत्री हों या मुख्यमंत्री।












Click it and Unblock the Notifications