पैतृक गांव में मीडिया से आंख मिचौली खेलते रहे वीके सिंह

यूं तो सेना को अनुशासन के मामले में अव्वल माना जाता है तथा हर तरह से सेना के सिपाही अनुशासित माने जाते हैं। सैनिक किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करते मगर भिवानी जिले के गांव बापोड़ा में जिस कदर अव्यवस्थाओं को आलम देखा गया, उससे तो ये नहीं कहा जा सकता था कि यहां आर्मी का मेला लगा है तथा आर्मी चीफ पधारे हैं।
भिवानी के गांव बापोड़ा में आर्मी मेले व मैडिकल कैम्प का आयोजन किया गया। मेले में सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह बतौर मुख्य अतिथि पधारे थे। यूं तो चाक चौबंद प्रबंध किए थे मगर ना जाने क्यों सेना प्रमुख को मीडियाकर्मियों से दूर ही रखा गया। हालांकि बापोड़ा गांव जनरल का पैतृक गांव है तथा यहां उनका पहले दो दिन का प्रोग्राम माना जा रहा था मगर कल जिस कदर उन्होंने दिल्ली में सेना को घूस ऑफर किए जाने की बात का खुलासा किया, उसके बाद खलबली मची थी व सबकी निगाहें सेना प्रमुख की ओर थी कि वे जरूर कुछ ना कुछ बोलेंगे।
मगर जनरल के लिए बनाए गए दो मंचों तक पर वो नहीं गए व भाषण देना तो दूर की बात, किसी से बात तक नहीं की। हालांकि बुजुर्गों से जरूर बात की, मगर क्या बात की, इसका खुलासा किसी ने नहीं किया क्योंकि मीडियाकर्मियों को पास तक नहीं जाने दिया गया। आमजन भले ही बेबाक होकर मेले में गए हों व घूमते देखे गए हों मगर कैमरा लिए हुए जो भी दिखा, उसे अंदर तक नहीं फटकने दिया गया। बाद में जैसे-तैसे मीडियाकर्मी अंदर पहुंचे। उधर आर्मी मेले में अत्याधुनिक हथियारों व टैंकों की प्रदर्शनी लगाई। खैर सवाल यह उठता है कि आखिर वीके सिंह मीडिया से बचते-बचते क्यों फिर रहे हैं?












Click it and Unblock the Notifications