12वीं पास हैं भारत के नये रेल मंत्री मुकुल रॉय

मुकुल रॉय का जन्म 17 अप्रैल 1954 को उत्तर 24 परगना जिले के कंचरपाड़ा में हुआ था। आपको बताते चलें कि मुकुल राय और विवाद दोनों का हमेशा से चोली दामन का साथ रहा है। मुकुल राय को ममता बनर्जी की जगह कार्यवाहक रेल मंत्री बनाया गया था। 11 जुलाई 2011 को इन्हीं के कार्यकाल में असम में गुवाहाटी-पुरी एक्सप्रेस में हुए रेल हादसे पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जब उनसे कहा कि वे घटनास्थल पर जाएं तो उन्होंने इसके लिए मना कर दिया था, इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने मुकुल रॉय को रेल मंत्री पद देने पर अड़ंगा डाल दिया था। उसके परिणास्वरूप दिनेश त्रिवेदी को रेल मंत्री बनाया गया।
विस्तार से बात करें तो मुकुल व्यापार की दुनिया में रेलवे के बड़े ठेकेदारों में गिने जाते हैं। इतनी ही नहीं वह तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी के बेहद खासमखास माने जाते हैं। सीधे शब्दों में कहें तो 12वीं पास और रेलवे की ठेकदारी करने वाले मुकुल रॉय अब दुनिया की सबसे बड़ी रेल तंत्र की कमान संभालने जा रहे हैं। गौरतलब है कि रेल बजट में किराये की वृद्धि को लेकर ममता बनर्जी ने पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी पर इस्तीफा देने का दबाव डाला था। उसके बाद श्री त्रिवेदी ने रविवार की शाम प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।












Click it and Unblock the Notifications