नोएडा में दिनदहाड़े बैंक मैनेजर से लूट

पुलिस सूत्रों ने बताया कि नोएडा सेक्टर-35 स्थित कॉरपोरेशन बैंक के मैनेजर वाईके डोगरियाल शाखा में पैसा खत्म हो जाने के कारण सेक्टर-31सी ब्लॉक स्थित शाखा से पैसे लेने शनिवार सुबह 11 बजे आए थे। वह शाखा से पांच-पांच सौ के नोट के पांच लाख रुपये लेकर मटीज कार से निकले। वह करीब सौ मीटर आगे बढ़े थे कि पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।
उन्होंने हेलमेट और सड़क पर पड़े पत्थर से कार के आगे का शीशा तोड़कर दिया। तमंचा लगाकर मैनेजर को कार से बाहर निकाल लिया। उनकी पिटाई कर बदमाशों ने पांच लाख रुपये लूट लिए। मैनेजर ने सौ नंबर पर वारदात की जानकारी पुलिस को दी। कोतवाली सेक्टर 20, सेक्टर 24 और सेक्टर 39 पुलिस समेत एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी अनंत देव का कहना है कि बदमाशों का पता लगाने के लिए एसओजी समेत कई टीम लगा दी गई हैं।
जिस स्थान पर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया, वहां दो खाने की ठेली लगती हैं। कई लोग खाना खा रहे थे। उनके अलावा अन्य कई लोग भी मौके पर खडे़ थे लेकिन किसी ने न तो बदमाशों को विरोध किया और न ही उनकी बाइक का नंबर नोट किया। जिस जगह पर लूट हुई, वहां एक डाक्टर का घर है। उनके घर के मेन गेट पर सीसीटीवी कैमरा लगा है। इसमें वारदात घटना के कैद होने की पुलिस को संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications