ममता की क्रूरता से त्रस्त यूपीए मुलायम को बनायेगी रक्षामंत्री!

दीदी की दादागीरी से बेबस कांग्रेस सपा की शरण में जाने की फिराक में है। यह बात कई दिनों से चर्चा में है। रेल बजट का डिब्बा लोकसभा स्टेशन पर ही पलटने के बाद अपने अस्तित्व की चुनौती से जूझ रही यूपीए सरकार को मुलायम सिंह ही सबसे दमदार साथी नजर आ रहे हैं। बजट से लेकर संसद में लोकपाल समेत कई विधेयकों को पारित करवाने के लिए कांग्रेस को सपा के साथ की दरकार है। इसीलिए कांग्रेस ने बिना किसी हिचक के सपा से दोस्ती के लिए अब खुलकर हाथ बढ़ा दिया है।
सोनिया गांधी ने बृहस्पतिवार को अखिलेश यादव के शपथ ग्रहण में वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा और सरकार के संसद के रणनीतिकारों में शामिल पवन बंसल को लखनऊ भेजकर खुद इसकी शुरुआत कर दी है। इतना ही नहीं सोनिया ने मुलायम को खत लिखकर खराब स्वास्थ्य की वजह से खुद शपथ ग्रहण समारोह में नहीं पहुंचने के लिए खेद जताया है।
सपा पर डोरे डालने का आलम यह है कि मुलायम के भाई राज्यसभा में सपा के नेता प्रोफेसर रामगोपाल यादव को राज्यसभा का उपसभापति पद देने के प्रस्ताव की चर्चाएं भी जोर पकड़ रही हैं। इतना ही नहीं शीर्ष कांग्रेस सूत्रों की ओर से मुलायम को यूपीए सरकार में बतौर रक्षा मंत्री शामिल करने के प्रयास हो रहे हैं। । कांग्रेस के लिए संतोष की बात यह है कि सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने रेल बजट पर ममता की नाराजगी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। यह तय माना जा र हा है कि अगर सेहत के कारणों से मुलायम मंत्री नहीं बनें तो रामगोपाल का मंत्री बनना तय है।












Click it and Unblock the Notifications