हरियाणा- जाटों ने ट्रैक पर शव रखकर रोकीं ट्रेनें

जाट नेताओं की गिरफ्तारी के बाद उग्र हुए आंदोलन की भेंट चढ़े युवक संदीप के शव का अंतिम संस्कार समाचार लिखे जाने तक नहीं हुआ था। जिला प्रशासन द्वारा लगातार वार्ता करने के लिए कहा जा रहा है और शव का अंतिम संस्कार करने की अपील की जा रही है लेकिन आंदोलनकारियों ने जिला प्रशासन की अपील को ठुकराते हुए कमेटी के फैसले का इंतजार करने की बात कही है।
शव को लेकर जाट नेता ट्रेक पर कब्जा जमाए बैठे हैं और कुछ अन्य आंदोलनकारियों ने रोड जाम किया हुआ है। हालांकि शहर में पुलिस प्रशासन व सेना का पूरी तरह से कब्जा है और पूरे शहर में शांति का माहौल है। शहर के मय्यड़ को छोड़कर लगभग सभी रास्ते प्रशासन की देखरेख में खुले हैं।
मुख्यमंत्री ने की दाह संस्कार करने की अपील
मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने जाट आरक्षण आन्दोलनकारियों से शांति बनाये रखने और मृतक संदीप का दाह संस्कार करने की अपील की है। हुड्डा हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन प्रैस गैलरी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
हुड्डा ने कहा कि विधानसभा के पटल पर संसदीय कार्य मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला सारी स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं और आन्दोलन चलाने के बारे में गठित खाप पंचायतों की समिति भी सहमत थी कि हरियाणा में गठित पिछड़ा आयोग की रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आयोग की रिपोर्ट आने से पहले आन्दोलन का औचित्य नहीं था। उन्होंने कहा कि कोई भी बातचीत करने के लिए आता है, तो वे बात करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications