एनआरएचएम घोटाला: माया ने तोड़ी चुप्पी, कांग्रेस पर फोड़ा ठीकरा
कांग्रेस पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र में पिछले 31 महीनों में 20 लाख हजार करोड़ के 62 घोटाले उजागर हुए हैं, लेकिन सीबीआई किसी मामले में कार्रवाई नही कर रही है। यह इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस सीबीआई का राजनीतिक दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस यूपी विधानसभा चुनाव में अपनी हार स्वीकार कर चुकी है, इसीलिए बसपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए पिछले पांच दिन से सीबीआई छापे डलवा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 40 साल के कुशासन के कारण प्रदेश की जनता को रोजगार की तलाश में दूसरे इलाकों में जाने के लिए विवश होना पड़ा।
22 साल सत्ता से बाहर रहने वाली पार्टी सत्ता के लिए इतनी लालायित है कि यहां गांधीजाल फैला दिया है। युवाओं को रोजगार देने व विभिन्न जातियों को आरक्षण का प्रलोभन दिया जा रहा है। सवाल उठता है कि जो केन्द्र सरकार भ्रष्टाचार व बेरोजगारी रोकने की दिशा में कोई कदम नही उठा सकी, वह उत्तर प्रदेश में सत्ता में आने पर यह कदम कैसे उठाएगी। उन्होंने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि सर्व समाज को चाहिए कि वह गांधीजाल, मुलायम जाल व धार्मिक उन्माद को बढ़ावा देने वाली भाजपा के जाल से बचें, नहीं बचे तो सभी को कुशासन से तड़पने के लिए विवश होना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने पश्चिमी यूपी में इलाहाबाद हाईकोर्ट एक पीठ की स्थापना करने की वकालत की। कहा कि यह प्रस्ताव कई बार केन्द्र को भेजा, लेकिन यह प्रस्ताव अभी तक लंबित है। पृथक पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत चार राज्यों का प्रस्ताव भी भेजा पर उसे भी केन्द्र ने हरी झंडी नहीं दी। मायावती ने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार नहीं चाहती है कि वेस्ट यूपी का भला हो। रालोद प्रमुख अजित सिंह का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि पृथक राज्य की मांग करने वाले दल भी कांग्रेस के साथ हैं। मंत्री बनते ही वह इस मांग को भूल गए।













Click it and Unblock the Notifications