यूपी चुनाव: मतदाता जागरुक रैली के दौरान 6 बच्चे बेहोश
कानपुर। अभी-अभी यह खबर आ रही है कि कानपुर में मतदाता जागरुक रैली के दौरान आधा दर्जन बच्चे बेहोश हो गये। बेहोश बच्चों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। डॉक्टरों ने बच्चों के बेहोश होने के पीछे थकान कारण बताया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह कानपुर के फूलबाग मैदान में बच्चों को एकत्र किया गया था। बच्चे मतदाता जागरुक रैली में हिस्सा लेने आये थे। सूत्रों ने बताया कि फूलबाग मैदान में बच्चे काफी देर से खड़ थे और अधिकारियों का पता नहीं था। थोड़ी देर बाद अचानक 6 से 7 बच्चे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
उन्हें फौरन पास के अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें ग्लूकोज चढ़ाया। डॉक्टरों की मानें तो ज्यादा देर तक खड़े होने के चलते बच्चे थक गये थे जिसके चलते वह बेहोश हो गये। डॉक्टरों ने बताया कि अब उनकी हालत बिल्कुल सही है और उन्हें घर भेज दिया गया है। मालूम हो कि यूपी में हर जगह मतदाता जागरुक अभियान जोरो पर है। इसी क्रम में मंगलवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र और छात्राओं ने दिल बनाकर सही प्रत्याशी को चुनने की गुहार की थी।













Click it and Unblock the Notifications