भाजपा ने शुरू किया अपना टीवी चैनल
दिल्ली। भाजपा ने युवा नाम से आज अपने खुद के टीवी चैनल की शुरूआत की। इस इंटरनेट टीवी चैनल का शुभारंभ पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी ने यहां भाजपा मुख्यालय में किया। गडकरी ने इसका उद्घाटन करते हुए कहा, कोई भी व्यक्ति या नेतृत्व अपने आप में पूरी तरह से दोषरहित नहीं होता है। इस टीवी चैनल से पार्टी के लोगों को खुद को बेहतर बनाने का मौका मिलेगा, क्योंकि युवा चैनल से केवल पार्टी के विचार ही प्रसारित नहीं होंगे, बल्कि भाजपा से इतर विचारों और आलोचनाओं को भी स्थान मिलेगा।
उन्होंने बताया कि युवा चैनल के लिए यहां भाजपा मुख्यालय में ही एक स्टूडियो बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस टीवी चैनल के जरिए भाजपा जनता, खासकर युवाओं के साथ सतत जुड़ाव और संवाद का प्रयास करेगी। युवा चैनल के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पार्टी की विचारधारा, कार्यक्रमों और आंदोलनो की जानकारी देने के साथ ही इससे मनोरंजन के कार्यक्रम भी प्रसारित होंगे।
उन्होंने बताया कि विभिन्न मुद्दों पर बहस के लिए युवा टीवी के स्टूडियों में पार्टी से अलग विचार रखने वाले लोगों को भी बुलाया जाएगा। इस युवा इंटरनेट टीवी चैनल को भाजपा के आई टी सेल ने विकसित किया है। इसका प्रसारण प्रतिदिन पांच से शाम सात बजे तक होगा। यह www.yuva4india.tv टीवी पर उपल्बध होगा।













Click it and Unblock the Notifications