गोवा के अधिकारी पर गिरी चुनाव आयोग की गाज
पणजी। चुनाव आयोग ने गोवा के मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि वह गोवा के एक शीर्ष अधिकारी को आदर्श आचार संहिता का कथित तौर पर उल्लंघन करने के आरोप में निलंबित किया जाये। आरोप है कि इस शीर्ष अधिकारी ने राज्य विधानसभा चुनाव से पहले लोगों को नौकरी की पेशकश की, जोकि सरासर आचार संहिता के नियम का उल्लंघन है।
आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि राज्य के मुख्य सचिव संजय श्रीवास्तव से कहा गया है कि वह पशुपालन विभाग के निदेशक सिद्धिविनायक नायक को निलंबित कर 31 जनवरी तक कार्रवाई रिपोर्ट पेश करें। आयोग ने नायक को उनके विभाग में नौकरी देने के लिए 140 आकांक्षी लोगों को नौकरी के लिए पेशकश पत्र देने का दोषी पाया है जबकि आदर्श आचार संहिता लागू है।
संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नारायण नावती ने कहा कि आयोग ने अधिकारी को निलंबित करने को कहा है कि क्योंकि अधिकारी का किसी अनय विभाग में तबादला करने से काम नहीं चलेगा। गौरतलब है कि भारत में चुनाव के इतिहास में पहली बार एक ऐसे सामान्य पर्यवेक्षक दल को गोवा में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने का जिम्मा सौंपा गया है, जिसमें सभी सदस्य महिलाएं हैं।













Click it and Unblock the Notifications