अब कृष्णा से होगी मनमोहन सरकार की किरकिरी
गौरतलब है कि कर्नाटक में तैनात लोकपाल की रिपोर्ट पर लगभग दो दर्जन मंत्रियों को अपने पद से हाथ धोना पड़ा है। कुछ महीने पहले कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येद्दयुरप्पा को भी जाना पड़ा था। ऐसे में तय माना जा रहा है कि कृष्णा और केंद्र सरकार के लिए आगे की राह मुश्किल है। एक महीने पहले कर्नाटक लोकायुक्त ने पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान विदेश मंत्री कृष्णा के काल में खनन में हुए भ्रष्टाचार का सवाल उठाया था।
कृष्णा ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाकर जांच को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन शुक्रवार को कोर्ट ने उन्हें झटका दे दिया। यानी जांच जारी रहेगी। भाजपा ने अपना मोर्चा खोल दिया है। पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि येद्दयुरप्पा से महज रिपोर्ट के आधार पर इस्तीफा ले लिया गया था। जबकि कृष्णा के मामले में हाईकोर्ट ने भी लोकायुक्त को सही मान लिया है। लिहाजा उन्हें पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। पांच राज्यों में चुनावी प्रचार चरम पर है।
इसमें जहां यह मुद्दा बनेगा वहीं आगामी बजट सत्र में कांग्रेस के लिए बड़ा सिर दर्द हो सकता है। कांग्रेस की ओर से गुजरात में नरेंद्र मोदी और लोकायुक्त की नियुक्ति पर कोर्ट का हवाला देकर कुछ बचाव की कोशिश की जा सकती है, लेकिन छिपे तौर पर वह भी मानते हैं कि कृष्णा का बचाव आसान नहीं होगा।













Click it and Unblock the Notifications