नक्सलियों ने दंतेवाड़ा में पुलिस थाना उड़ाया

दंतेवाड़ा जिले के लिए अभी नए पुलिस अधीक्षक की नियुक्ति नहीं की गई है तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को पुलिस अधीक्षक का चार्ज दिया गया है। इसके साथ ही राज्य शासन ने गीदम थाना के थाना प्रभारी को भी लाईन अटैच कर दिया है। राज्य के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सोमवार रात नक्सलियों ने नवनिर्मित थाना भवन को विस्फोट से उड़ा दिया था।
पुलिस के मुताबिक नक्सलियों ने इस भवन को उड़ाने में भारी मात्रा में विस्फोटक का इस्तेमाल किया था जिससे भवन पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। पुलिस के मुताबिक सोमवार रात 50 से ज्यादा नक्सली नव निर्मित थाना भवन के करीब पहुंचे तथा वहां मौजूद मजदूरों को वहां से भगा दिया। इसके बाद नक्सलियों ने थाना भवन को विस्फोटक से उड़ा दिया। थाना भवन को लोक निर्माण विभाग ने कुछ ही समय पहले ही बनाया था तथा इसे बनाने में 30 लाख रूपए खर्च किए गए हैं।
धमाके से थाना भवन के पीछे बना बैरक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। धमाके के बाद यहां से कुछ दूरी पर स्थित गीदम थाना के पुराने भवन से अतिरिक्त पुलिस बल रवाना हुआ था लेकिन तब तक नक्सली वहां से फरार हो गए थे। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद इस बात की जानकारी मिली है कि नए भवन की सुरक्षा के लिए कोई खास इंतजाम नहीं किए गए थे। इसके कारण नक्सली थाना भवन को उड़ाने में कामयाब रहे। इस घटना में काई भी पुलिस कर्मी हताहत नहीं हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications