अब शादी में पड़ेगा खलल तो बीमा कंपनियां देगी मुआवजा

कम से कम दो बीमा कंपनियों आईसीआईसीआई लोम्बार्ड और बजाज आलियांज ने विशिष्ट शादी बीमा उत्पाद पेश किए हैं। वहीं कुछ अन्य कंपनियां दूसरी तरह की बीमा पालिसियों के जरिये इस तरह का बीमा कवर दे रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह का बीमा कवर मुख्य रूप से उंची धन संपदा के मालिक (एचएनआई) और सेलिब्रिटीज द्वारा लिया जा रहा है, क्योंकि उनके यहां विवाह शादी पर खर्च काफी उंचा होता है। हालांकि बीमा कंपनियां अन्य लोगों को भी इस तरह की पालिसियां बेचने का प्रयास कर रही हैं।
इसकी वजह यह है कि देश में शादियां पर खर्च लगातार बढ़ रहा है। इस तरह की पालिसी में किसी प्राकृतिक आपदा या दूल्हा अथवा दुल्हन के साथ दुर्घटना, या किसी खून के रिश्ते वाले व्यक्ति के साथ शादी की तारीख के सात दिन के भीतर हादसा, शादी स्थल पर संपत्ति का नुकसान, चोरी या समारोह के दौरान फूड पायजनिंग जैसे मामलों में बीमा कवच मुहैया कराया जाता है। इसी के अनुरूप बजाज आलियांज कम से कम 4,000 रुपये और उंचे में 15,000 रुपये के प्रीमियम पर बीमा कवच मुहैया करा रही है।
कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, उसके चार बीमा विकल्प हैं। ये दो लाख रुपये, चार लाख रुपये, छह लाख रुपये और आठ लाख रुपये हैं। इन पर प्रीमियम की राशि 3,770 से 14,276 रुपये है। बजाज आलियांज का कहना है कि शादी एक खर्चीला आयोजन है, पर यह जीवन में एक बार आती है। ऐसे में इसके रद्द होने या टलने पर वित्तीय नुकसान होता है। इसी तरह आईसीआईसीआई लोम्बार्ड शादी के रद्द होने, विवाह स्थल पर संपत्ति के नुकसान, बीमित व्यक्ति (दूल्हा या दुल्हन) के लिए निजी दुर्घटना बीमा कवर आदि मुहैया करा रही है।
इस तरह के बीमा कवर में शादी के रद्द होने पर जो राशि बीमा कंपनी देती हैं उनमें काडो की छपाई, समारोह स्थल के लिए दिया गया एडवांस, कैटरर, सजावट, संगीत, होटल और यात्रा खर्च शामिल हैं। हालांकि इसमें बंद या शहर में किसी तरह की अप्रिय घटना, आतंकवाद, अपहरण या परिवहन सेवाओं के पूरी तरह ध्वस्त होने के मामले में बीमा कवर नहीं दिया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications