हेडली, हाफिज सईद के खिलाफ चार्जशीट जल्द

राणा को छोड़ मुंबई हमले की साजिश के सभी आरोपी पाकिस्तानी नागरिक हैं। राणा को कनाडा की नागरिकता हासिल है। पाकिस्तानी मूल के हेडली उर्फ दाऊद सईद गिलानी और राणा फिलहाल अमेरिका की शिकागो जेल में हैं। अमेरिकी एजेंसी एफबीआई ने इन्हें आतंकी गतिविधि में शामिल होने के आरोप में अक्तूबर 2009 में गिरफ्तार कर लिया था।
एनआईए की फेहरिस्त में इन तीनों के अलावा लश्कर के ऑपरेशनल कमांडर जकी-उर-रहमान लखवी, अब्दुर रहमान सईद, इलियास कश्मीरी, कमांडर साजिद माजिद और आईएसआई के अधिकारी मेजर समीर अली और मेजर इकबाल का नाम शामिल है। एनआईए ने इनके खिलाफ नवंबर, 2009 में आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की थी।
हेडली की मुंबई पर हमले की लश्कर और आईएसआई की साजिश को अंजाम देने में अहम भूमिका रही थी। उसने मुंबई के ताज होटल सहित कई संभावित निशानों की वीडियो तस्वीर और नक्शे लश्कर को उपलब्ध कराए थे। इसमें राणा ने भी उसकी मदद की थी। पाकिस्तान में इस साजिश के आरोप में लखवी को गिरफ्तार किया गया है। लेकिन भारत की ओर से तमाम सुबूत दिए जाने के बावजूद पूरी साजिश का मास्टरमाइंड हाफिज सईद गिरफ्त से बाहर है। सईद के साथ दूसरे आरोपी भी पाकिस्तान में खुलेआम घूम रहे हैं।
भारत के पास लश्कर के इन आतंकियों और आईएसआई अधिकारियों के खिलाफ पुख्ता सुबूत हैं। इन सुबूतों में सबसे अहम है वह सेटेलाइट फोन रिकार्डिंग, जिसमें हमले के दौरान आतंकवादियों को सीमा पार से निर्देश दिए जा रहे थे। अमेरिका ने भारत को आश्वासन दे रखा है कि वह जरूरत पड़ने पर हेडली और राणा से अमेरिका में पूछताछ करने देगा। इसके अलावा अमेरिका ने मुंबई हमले के सिलसिले में भारत को कई महत्वपूर्ण सबूत भी दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications