कूंडे के विवाद में दारोगा ने हवलदार को गोली मारी

पुलिस के सूत्रों ने बता कि मामला वेलकम थाने का है। पूर्वी छज्जू पुर निवासी हवलदार सत्येंद्र खोखर (31) के पड़ोस में ही दिल्ली पुलिस में एएसआई रामनाथ उपाध्याय भी रहते हैं। रामनाथ की पोस्टिंग आदर्श नगर थाने में है। कुछ दिनों पहले ही उनकी पदोन्नति हुई है और एसआई के लिए उनकी ट्रेनिंग चल रही है। थर्ड बटालियन में तैनात सत्येंद्र और रामनाथ के परिवार में आए दिन घर के बाहर पड़े कूड़े को लेकर कहासुनी होती रहती थी। बुधवार सुबह लगभग नौ बजे सत्येंद्र ड्यूटी पर जाने के लिए घर से बाहर निकला तो उसने दोनों के घरों के बीच पड़े कूड़े को लेकर एतराज जताया।
इसके बाद रामनाथ भी बाहर आ गया और सत्येंद्र से उसकी कहासुनी के बाद बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसी बीच रामनाथ के दो बेटे व पत्नी भी बाहर निकल आए और सत्येंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान सत्येंद्र ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकाल ली। उन्हें गुस्से में देखकर वहां मौजूद लोग बीच-बचाव करने लगे। इस दौरान मौका पाकर रामनाथ ने सत्येंद्र से पिस्तौल छीन ली और उन पर ताबड़तोड़ तीन राउंड फायर कर दिया। पहली गोली सत्येंद्र की बेल्ट पर लगी। इससे पहले कि वह संभल पाते, रामनाथ ने दो और गोलियां दाग दीं। इसमें एक गोली सत्येंद्र के सीने और दूसरी पैर में लगी। घायल सत्येंद्र को उनके बुजुर्ग पड़ोसी जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां ऑपरेशन के बाद दोनों गोलियां निकाल दी गईं।
उधर, रामनाथ वेलकम थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने रामनाथ से सर्विस रिवाल्वर जब्त कर ली। सत्येंद्र का ऑपरेशन करने के बाद दोनों गोलियां बाहर निकाल दी गई हैं। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications