यूपी के बाद जापानी बुखार की दिल्ली में दस्तक

एमसीडी की स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष डॉ. वी. के. मोंगा ने बताया कि पूर्वी यूपी में हर साल हजारों लोगों को अपनी चपेट में लेने वाली इस बीमारी के 14 मामले पिछले दिनों यहां सामने आए थे। इसके बाद पहली बार एमसीडी के पशु चिकित्सा सेवा विभाग ने सूअरों से लिए सैंपल लैब में भेजे थे। लैब से मिली रिपोर्ट से पता चला है कि 17 नमूने जापानी इंसेफलाइटिस संक्रमण के लिए पॉजिटिव पाए गए हैं।
ये सूअर इस रोग के संभावित वाहक हैं और क्यूलेक्स मच्छर इस संक्रमण को सूअरों से इंसानों तक पहुंचा सकता है। उन्होंने बताया कि इस रिपोर्ट के आधार पर एक सर्विलांस सिस्टम विकसित की जाएगी, जिससे यहां बीमारी फैलने से रोका जा सके। इसके तहत क्यूलेक्स मच्छरों के प्रजनन को रोकने और सूअरों के रहने की जगह के आस-पास साफ सफाई बेहतर बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
गौरतलब है कि पिछले दिनों यहां बीमारी के 14 मामले दर्ज किए गए थे। एमसीडी के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एन. के. यादव के मुताबिक, इनमें एमसीडी व एनडीएमसी, दोनों एरिया के मरीज थे। एमसीडी एरिया के मरीजों में सबसे ज्यादा जहांगीरपुरी, बवाना व इसके आस-पास के थे। एनडीएमसी एरिया से पहला मामला गोल मार्केट से आया था।
हालांकि बाद में जांच के बाद दिल्ली सरकार ने यह दावा किया था कि संक्रमण के कुछ मामलों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है और पॉजिटिव पाए गए मामले दिल्ली से बाहर के थे। ऐसे में घबराने की कोई जरूरत नहीं है। लेकिन अब सूअरों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद एक्सपर्ट्स भविष्य के खतरे से अलर्ट रहने की सलाह दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications